ऐतिहासिक और भव्य: आदर्श दुर्गोत्सव समिति का स्वर्ण जयंती नवरात्र महोत्सव का हुआ शुभारंभ…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
आदर्श दुर्गोत्सव समिति के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष का नवरात्र महोत्सव
भव्यता और आध्यात्मिकता के संग प्रारंभ हुआ। प्रथम दिवस माता रानी के आगमन अवसर पर निकाली गई विशाल शोभा यात्रा ने शहरवासियों और आसपास के ग्रामीण अंचलों को आस्था के रंग में रंग दिया।

शोभा यात्रा में डमरू बाजा, उड़ीसा बाजा, आदिवासी नृत्य, अखाड़ा, पंथी, करमा, ढोल-ताशा, धूमाल, राउत बाजा, महाकाल और प्रेम मंदिर की झांकियां शामिल थीं, जिन्होंने हजारों श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जब यह ऐतिहासिक यात्रा रिवर व्यू रोड पहुँची और लोक गायक दुकालू यादव का जसगीत गूंजा, तब श्रद्धालु शक्ति भक्ति में सराबोर हो उठे और वातावरण “जय माता दी” के उद्घोष से गूंज उठा।

बिलासपुर में पहली बार सजे मातारानी के ऐतिहासिक दरबार ने न केवल नगरवासियों बल्कि पूरे प्रदेश का ध्यान आकर्षित किया है। यह आयोजन प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का अनूठा उदाहरण बन
गया है।

समिति ने इस भव्य आयोजन की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। समिति का कहना है कि इस महोत्सव को स्वर्ण जयंती वर्ष की स्मृति में और भी दिव्य व ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया है।
नवरात्र महोत्सव का यह स्वर्णिम पर्व बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बन गया है।

