आदर्श दुर्गोत्सव समिति का स्वर्ण जयंती वर्ष नवरात्रि महोत्सव भव्यता आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
आदर्श दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष के नवरात्रि महोत्सव ने इस वर्ष भव्यता और श्रद्धा का एक नया आयाम रच दिया। महोत्सव के दौरान प्रदेश की गरिमामयी हस्तियों की उपस्थिति, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भक्तों का अभूतपूर्व उत्साह ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।

महोत्सव के चौथे दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय ने माता रानी के दर्शन कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना सराफ और उनकी टीम द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव की सराहना करते हुए उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण का अद्भुत उदाहरण बताया। समिति के अध्यक्ष जवाहर सराफ, संरक्षक महेश दूबे (टाटा महाराज) व अन्य पदाधिकारियों को उन्होंने भव्य आयोजन हेतु बधाई दी।

इसी क्रम में राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा भी महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने समिति द्वारा प्रस्तुत लेजर लाइट शो और फाउंटेन शो का आनंद लिया और आयोजन की व्यवस्थितता एवं भव्यता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

श्रद्धालुओं की आस्था का आलम यह रहा कि बारिश जैसी बाधाएँ भी उनकी भक्ति में रुकावट न डाल सकीं। बिलासपुर ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से भी सहपरिवार भक्तों की भीड़ दर्शन लाभ हेतु उमड़ती रही।

मध्यरात्रि में भजन गायक सचिन तिवारी की संगीतमयी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को अल सुबह तक मंत्रमुग्ध कर दिया।

समिति के संरक्षक महेश दूबे (टाटा महाराज) ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष रूप से सुनियोजित व्यवस्था की गई है, जिसमें समिति के सदस्य, स्काउट-गाइड और पुलिस प्रशासन दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इस कारण भारी भीड़ के बावजूद भक्तों को सुगमता से दर्शन का लाभ मिल रहा है।

आदर्श दुर्गोत्सव समिति का यह स्वर्ण जयंती वर्ष नवरात्रि महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर और सामूहिक उत्साह का भी अनुपम उदाहरण बन चुका है।

