सैकड़ों फरियादें सुनीं मौके पर दिए निर्देश..जनता ने कहा हमारे कलेक्टर सच में सुनते है…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
जनता की समस्याओं को सुनना और उनका त्वरित समाधान करना अब बिलासपुर प्रशासन की पहचान बन चुका है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के नेतृत्व में हर सप्ताह होने वाला जनदर्शन अब उम्मीदों का दरबार बन गया है। आज भी कलेक्टर अग्रवाल ने दूर-दराज़ से आए ग्रामीणों, महिलाओं, बुज़ुर्गों और आम नागरिकों से एक-एक कर मुलाकात की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
जनदर्शन में इस बार भी सैकड़ों आवेदन पहुंचे कोई नौकरी के नाम पर ठगी का शिकार था, तो कोई बिजली, आवास या प्रशासनिक लापरवाही से परेशान। हर आवेदन पर कलेक्टर अग्रवाल ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सबसे पहले, अन्नपूर्णा कॉलोनी की एक महिला ने बताया कि उससे नौकरी लगवाने के नाम पर ₹3.60 लाख की ठगी की गई है। कलेक्टर ने बिना देर किए मामले को एसएसपी को भेजते हुए ठगों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह, शासकीय अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास में कम प्रतिशत वाली छात्राओं को प्रवेश देने की शिकायत पर उन्होंने आदिवासी विकास विभाग के आयुक्त को जांच का आदेश दिया।
आवास और बुनियादी सुविधाओं की मांगें भी रहीं प्रमुख-:
तखतपुर की वृद्ध महिला बिरझा बाई सहित कई ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान दिलाने की गुहार लगाई। कलेक्टर ने सभी मामलों को जिला पंचायत सीईओ को तत्काल संज्ञान में लेने के निर्देश दिए।
किसानों और ग्रामीणों के मुद्दों पर भी संवेदनशीलता दिखी ग्राम कुकदा के किसानों ने पटवारी की अनुपस्थिति की शिकायत की, जिससे एग्रीस्टैक पंजीयन सहित अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कलेक्टर ने एसडीएम मस्तुरी को सख्त निर्देश दिए कि किसानों का कोई काम अटके नहीं।
मानवता से जुड़ी फरियादों पर भी तुरंत आदेश-:
मस्तुरी निवासी दिनेश कुमार ने अपने पिता की सांप के काटने से मृत्यु होने पर मुआवजे की मांग रखी, जिसे कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल एसडीएम मस्तुरी को भेजा।
बिजली और अवैध कब्जे के मुद्दे भी उठे
तखतपुर क्षेत्र के ग्राम सोनबांधा के लोगों ने बार-बार बिजली बंद होने की समस्या और नए ट्रांसफार्मर की मांग रखी। कलेक्टर ने सीएसईबी को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए। वहीं नगर पंचायत तिफरा की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता में बढ़ा भरोसा कलेक्टर हमारे बीच के हैं, जनदर्शन से लौटे कई ग्रामीणों ने कहा कि कलेक्टर साहब हर व्यक्ति को सुनते हैं, नजरें मिलाकर बात करते हैं और तुरंत आदेश देते हैं। पहले कभी ऐसा नहीं देखा था। कलेक्टर संजय अग्रवाल का जनदर्शन अब प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों का सशक्त मंच बन गया है। उनकी कार्यशैली में संवेदनशीलता, तत्परता और पारदर्शिता की झलक साफ दिखाई देती है।

ठगी, आवास, बिजली, भूमि व अन्य मामलों पर त्वरित कार्रवाई हर शिकायत पर मौके से ही जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश जनता में बढ़ा भरोसा और प्रशासन की छवि हुई मजबूत बिलासपुर प्रशासन की पहचान बन चुका है। जनता की सुनवाई तुरंत कार्रवाई का मॉडल।

