मुंगेली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से जुआड़ियों में हड़कंप…! 214 जुआड़ी चढ़े हत्थे 1.34 लाख नकद और 52 पत्तियों की ताश जप्त…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली दीपावली पर्व के पहले अवैध जुआ खेलने वालों पर मुंगेली पुलिस ने करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन बाज के तहत जिलेभर में चार दिनों तक चली सघन कार्यवाही में पुलिस ने 214 जुआड़ियों को रंगेहाथ पकड़ लिया। इनके कब्जे से 1,34,975 नगद और 52 पत्ती ताश जप्त की गई है।
एसपी पटेल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का नेतृत्व अति. पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल और उप पुलिस अधीक्षक एस.आर. घृतलहरे कर रहे थे। 18 से 21 अक्टूबर के बीच जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में एक साथ यह कार्रवाई की गई।
हर थाना क्षेत्र में कार्रवाई… जगह-जगह गिरे जुआ अड्डे थाना सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र में सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी 14 प्रकरणों में 69 जुआड़ियों से ₹57,900 की जप्ती हुई। वहीं थाना पथरिया क्षेत्र में 11 प्रकरणों में 40 जुआड़ियों से ₹29,010, थाना जरहागांव में 13 प्रकरणों में 55 जुआड़ी, थाना फास्टरपुर में 5 प्रकरणों में 18 जुआड़ी, थाना लोरमी में 6 प्रकरणों में 17 जुआड़ी, थाना सरगांव में 2 प्रकरणों में 6 जुआड़ी और थाना चिल्फी क्षेत्र में 4 प्रकरणों में 9 जुआड़ी पकड़े गए।

हर जगह पुलिस ने रात-दिन दबिश देकर घेराबंदी कर जुआ खेल रहे आरोपियों को मौके पर ही धर-दबोचा। कई स्थानों पर आरोपी खेतों, बाड़ी और सुनसान इलाकों में ताश की पत्तियों पर दांव लगा रहे थे।
एसपी भोजराम पटेल बोले…दीपावली में अपराध नहीं, कानून की रोशनी बिखरेगी
एसपी भोजराम पटेल ने कहा कि दीपावली का पर्व खुशियों और सद्भाव का प्रतीक है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इसे अवैध जुए और सट्टे से कलंकित करते हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध मुंगेली पुलिस की कार्रवाई आगे भी बिना रुके जारी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति अवैध जुआ-सट्टे जैसी गतिविधियों में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही होगी।

ऑपरेशन बाज अपराधियों के लिए बनी आफ़त…
“ऑपरेशन बाज” मुंगेली पुलिस की वह विशेष मुहिम है जिसके तहत पुलिस ने त्योहारों के दौरान जुआ, सट्टा, अवैध शराब व असामाजिक गतिविधियों पर करारी चोट करने का संकल्प लिया है।
अभियान शुरू होते ही जिलेभर के पुलिस थाने एक्शन मोड में आ गए लगातार गश्त, खुफिया सूचना तंत्र और रातभर दबिशों से जुआरियों के हौसले पस्त हो गए हैं।
आइए अभियान का बड़ा नतीजा एक नज़र में…
थाना/चौकी प्रकरण आरोपी जप्त नगद
जरहागांव 13 55 22,410
सरगांव 2 6 3,180
चिल्फी 4 9 3,085
फास्टरपुर 5 18 13,840
सिटी कोतवाली 14 69 57,900
लोरमी 6 17 5,550
पथरिया 11 40 29,010
कुल 55 214 ₹1,34,975
संक्षेप में… मुंगेली पुलिस का ऑपरेशन बाज दीपावली से पहले जुआरियों के लिए कहर बनकर टूटा। जिलेभर में एक ही हफ्ते में 55 प्रकरण दर्ज, 214 आरोपी गिरफ्तार, और ₹1.34 लाख से अधिक की जप्ती पुलिस की चुस्ती और कानून व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता का साफ संकेत है।
दीपावली में दीये जलेंगे, पासे नहीं चलेंगे मुंगेली पुलिस की यह सख्ती अपराधियों के लिए बड़ा संदेश है।

