उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने किया सम्मानित उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर प्रदेश का मान बढ़ाया है। राज्य अलंकरण समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली वेटलिफ्टर सुश्री ज्ञानेश्वरी यादव को गुंडाधुर सम्मान और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाली तीरंदाज सुश्री चांदनी साहू को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान से सम्मानित किया गया।
राजनांदगांव जिले के भोड़िया गांव की 22 वर्षीय ज्ञानेश्वरी यादव ने दिसंबर 2024 में बहरीन के मनामा में आयोजित वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर पांचवां स्थान हासिल किया था। वहीं महासमुंद जिले के बागबहरा की 15 वर्षीय चांदनी साहू ने 38वें नेशनल गेम्स, उत्तराखंड (2025) में छत्तीसगढ़ को रजत पदक दिलाकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

वर्तमान में कक्षा दसवीं में अध्ययनरत चांदनी साहू बिलासपुर के बहतराई स्थित आवासीय तीरंदाजी अकादमी में वर्ष 2023 से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में जमशेदपुर में हुई सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में टीम इवेंट में रजत पदक और पश्चिम बंगाल के भोलपुर में आयोजित जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया था।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ज्ञानेश्वरी और चांदनी प्रदेश की नई खेल पीढ़ी की प्रेरणा हैं, जिन्होंने छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत ‘गुंडाधुर सम्मान’ और ‘महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान’ उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया हो।

