प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत की रफ्तार हुई तेज…
सभी कार्य दिसम्बर तक पूर्ण करने पीडब्लूडी सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने दिए सख्त चेतावनी भरे निर्देश…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
बरसात समाप्त होते ही प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने सभी सड़कों की मरम्मत का कार्य दिसम्बर माह तक हर हाल में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों की बैठक लेकर मरम्मत कार्यों, नई सड़कों और चालू परियोजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बरसात के बाद सड़क निर्माण का यह सर्वश्रेष्ठ समय डॉ. कमलप्रीत सिंह डॉ. सिंह ने कहा कि बरसात के बाद सड़क मरम्मत का यह उपयुक्त समय है। इस अवसर का पूरा उपयोग करते हुए अधिकारी गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन सड़कों की मरम्मत आरंभ हो चुकी है, वे किसी भी कारण से रुके नहीं और दिसम्बर तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।

सचिव ने ठेकेदारों को एसटीएमसी (Short Term Maintenance Contract) के तहत सभी कम्पोनेंट्स के कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति पर नजर
डॉ. सिंह ने राज्य में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों के प्राक्कलन, निविदा, कार्यादेश और कार्य प्रारंभ की स्थिति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत सड़कों के अर्थवर्क (Earth Work) को जनवरी 2026 तक पूर्ण किया जाए।
उन्होंने उन सड़कों पर विशेष ध्यान देने को कहा, जिनमें भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया लंबित है, और कलेक्टरों के साथ मिलकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट्स को सुधारने और यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग संकेतक लगाने पर भी बल दिया।
23 मरम्मत कार्य स्वीकृत, 20 पर तेजी से काम जारी
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन के अधीन राष्ट्रीय राजमार्गों में 88 करोड़ 58 लाख रुपए की लागत से कुल 23 मरम्मत कार्य मंजूर किए गए हैं। इनमें से 71 करोड़ 49 लाख रुपए के कार्यों पर अनुबंध कर काम पहले ही प्रारंभ हो चुका है।
वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग 130 (अभनपुर राजिम गरियाबंद देवभोग), 130B, 353 (घोड़ारी महासमुंद बागबहरा ओड़िशा सीमा), 930, 30, 63 (भोपालपटनम–जगदलपुर) तथा 49 के विभिन्न खंडों में कार्य प्रगति पर हैं।
वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (कटनी–गुलमा), 45 (रतनपुर–केंदा–केंवची) और 153 (रायगढ़–सारंगढ़–सरायपाली) के लिए अनुबंध की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और शीघ्र ही कार्यादेश जारी कर मरम्मत प्रारंभ की जाएगी।

बैठक में रहे ये अधिकारी उपस्थित
बैठक में अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप, अधीक्षण अभियंता एस.एस. माझी, कार्यपालन अभियंता जे.पी. तिग्गा, गोविंद अहिरवार, आर.के. खाम्बरा और रामाधार ताम्ब्रे भी मौजूद रहे।
सड़कें बेहतर, सफर सुरक्षित दिसम्बर तक नया रूप लेंगे प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्ग।

