आज उग्र प्रदर्शन उबाल का गवाह बनी न्यायधानी जिसने शहर की राजनीतिक फिज़ा को किया गर्म…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
बिलासपुर आज उस उबाल का गवाह बना जिसने शहर की राजनीतिक फिज़ा को अचानक गर्म कर दिया। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पाँच सूत्रीय जनसमस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय के घेराव का ऐलान किया और फिर देखते ही देखते शहर का माहौल आंदोलनकारी नारों से गूँज उठा।

नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष विजय केशवानी के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर कूच कर रहे थे। लेकिन नेहरू चौक पहुंचते ही भारी पुलिस बल ने कड़ी बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया। यहाँ कांग्रेसियों और पुलिस के बीच तीखी बहसबाज़ी हुई। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़ने का प्रयास किया, पुलिस ने हालात बिगड़ते देख वॉटर कैनन का सहारा लिया।

पानी की तेज धारों के बीच प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, मगर जवानों ने स्थिति संभालते हुए भीड़ को आगे बढ़ने से रोक दिया।
कांग्रेस की पाँच सूत्रीय माँगें:-
जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दे प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए निम्नलिखित माँगें तत्काल लागू करने की चेतावनी दी।

- जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत।
- बिजली बिलों में अनियमितता रोककर बढ़े हुए शुल्क वापस लेने।
- धान खरीदी व्यवस्था में सुधार व किसानों की लंबित समस्याओं का निवारण।
- छोटे भूखंडों की रजिस्ट्री पर लगी रोक हटाकर शुल्क में कमी।
- गरीबों के पुराने मकानों पर चलाए जा रहे बुलडोज़र अभियान पर रोक।
इसके साथ ही कई स्थानीय मुद्दों पर भी कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।
तनाव के बीच नियंत्रण बातचीत के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन
वॉटर कैनन की कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शनकारी कुछ देर तक आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे, लेकिन पुलिस की सख्त मौजूदगी ने हालात को बिगड़ने नहीं दिया। बाद में कांग्रेस पदाधिकारियों और प्रशासन के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ।
कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी
यदि माँगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

