सार्वजनिक जगह पर शराब पीते
5 युवकों सहित 2 युवतियां गिरफ़्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
तेज़ी से बदलते सामाजिक माहौल में युवाओं के बीच बढ़ती कुसंगति एक गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। देर रात शराब के नशे में मस्ती और हंगामे की प्रवृत्ति न केवल शांति भंग कर रही है, बल्कि युवाओं को अपराध की राह पर भी धकेल रही है। ऐसा ही एक मामला सरकंडा थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी में सामने आया, जहां पार्टी के नाम पर नशे में धुत युवकों और युवतियों ने क्षेत्र में अशांति फैला दी।
21 दिसंबर 2025 की रात्रि सरकंडा पुलिस को सूचना मिली कि पत्रकार कॉलोनी में कुछ युवक-युवतियां शराब के नशे में तेज़ आवाज़ में हल्ला-गुल्ला कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान एक मकान में 5 युवक और 2 युवतियां शराब सेवन करते हुए पाए गए। ब्रीथ एनालाइज़र से जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई। युवकों के पास मौजूद तीन वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल तीन वाहनों को चालान किया गया। साथ ही पांच युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने सभी को सख़्त समझाइश दी और युवकों व युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि नशे और कुसंगति में डूबती युवा पीढ़ी न केवल अपने भविष्य से खिलवाड़ कर रही है, बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन रही है।
समाज और परिवार की भूमिका अहम
विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों का मानना है कि युवाओं को सही दिशा देने में परिवार, समाज और शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समय रहते समझाइश और मार्गदर्शन न मिला तो यही कुसंगति आगे चलकर गंभीर अपराधों का कारण बन सकती है।

सरकंडा पुलिस की यह सख़्त लेकिन समझाइशी कार्रवाई युवाओं के लिए एक चेतावनी है। नशे की मस्ती पलभर की हो सकती है, लेकिन इसके दुष्परिणाम जीवनभर साथ चलते हैं।

