अंतर्राज्यीय गिरोह में संलिप्त था…
300 CCTV फुटेज खंगालकर कुख्यात अपराधी को दबोचा अन्य दो साथी आरोपी आमीर व शकील फरार…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
शहर में दिनदहाड़े कट्टा अड़ाकर लूट का प्रयास करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के कुशल नेतृत्व और सख्त निर्देशों में एसीसीयू, साइबर सेल एवं थाना सरकंडा की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया।
300 से अधिक CCTV फुटेज बने पुलिस की ताकत
घटना के बाद पुलिस टीम ने शहरभर में लगे करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए आरोपियों की पहचान संभव हो सकी। एक बार फिर यह साबित हुआ कि अज्ञात अपराधियों की पहचान में सीसीटीवी तकनीक पुलिस का सबसे मजबूत हथियार बन रही है।
घटना का विवरण
19 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 7:15 बजे जबड़ापारा निवासी लखन उर्फ निटी देवांगन, जो कंपनी गार्डन के पास समोसे की दुकान लगाते हैं, स्कूटी से दुकान जा रहे थे। आनंद डेयरी के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोककर गले में पहनी सोने की चेन लूटने की कोशिश की।
पीछे बैठे आरोपी ने कट्टा दिखाते हुए धमकी दी चेन दे दो, नहीं तो गोली मार देंगे। प्रार्थी के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

दिल्ली का शातिर अपराधी गिरफ्तार
जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन अनुपपुर रेलवे स्टेशन के आसपास मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर गगनदीप बंसल (42 वर्ष) निवासी करवल नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल करते हुए बताया कि वह पूर्व में हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट चुका है। वहीं उसकी मुलाकात विजय लांबा से हुई थी, जिसके साथ मिलकर उसने साथियों आमीर और शकील के साथ इस वारदात की योजना बनाई।
चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद
आरोपियों ने वारदात के लिए
तखतपुर से चोरी की गई होंडा साइन (CG 10 AS 2450)
अंबिकापुर से चोरी की गई TVS स्पोर्ट्स (CG 15 CK 1036)
का इस्तेमाल किया था। दोनों मोटरसाइकिलें रेलवे स्टेशन क्षेत्र, बिलासपुर से बरामद कर ली गई हैं।
अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी
इस मामले में विजय लांबा, आमीर और शकील फिलहाल फरार हैं। आरोपियों द्वारा प्रयुक्त कट्टा विजय लांबा के पास होना बताया गया है। पुलिस टीम लगातार दबिश देकर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक निमीतेश सिंह, निरीक्षक प्रदीप आर्य, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, जे.पी. निषाद सहित एसीसीयू, साइबर सेल और थाना सरकंडा की टीम के कई अधिकारियों व जवानों की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
बिलासपुर पुलिस की इस त्वरित और तकनीकी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप, शहरवासियों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।

