अमानक मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों गैरेज संचालकों एवं ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं को दी कड़ी चेतावनी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
शहर में बढ़ते शोर, स्टंटबाजी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस बिलासपुर ने सख्त लेकिन समझाइश पर आधारित अभियान चलाया। इस अभियान के तहत अवैध और अमानक मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों, गैरेज संचालकों एवं ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने और लगाने वाले स्थानों पर कार्रवाई करते हुए साइलेंसर जब्त किए गए तथा वाहनों से अमानक साइलेंसर निकलवाकर मानक स्तर के साइलेंसर लगवाए गए।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि
मॉडिफाइड साइलेंसर केवल शोर नहीं, बल्कि सड़क पर डर, दुर्घटना और कानून उल्लंघन का कारण है।

अमानक साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न सिर्फ आमजन को भयभीत करती है, बल्कि बुजुर्गों, मरीजों और बच्चों के लिए भी गंभीर परेशानी बनती है।
अभियान के दौरान युवाओं को विशेष रूप से समझाइश दी गई कि वे शौक के नाम पर अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें। जिन मामलों में नाबालिग या युवा वाहन चालक पाए गए, उनके माता-पिता और अभिभावकों को भी यातायात कार्यालय बुलाकर समझाया गया कि वे अपने बच्चों को स्टंटिंग, तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर जैसे खतरनाक कृत्यों से रोकें।

यातायात पुलिस ने सभी मोटर गैरेज और ऑटो पार्ट्स दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में यदि मॉडिफाइड साइलेंसर का विक्रय या फिटिंग पाई गई, तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, दुकान ब्लैकलिस्ट करने तथा नगर निगम के माध्यम से प्रतिबंधात्मक कदम उठाए जाएंगे।

यातायात पुलिस ने युवाओं के नाम संदेश देते हुए कहा रफ्तार और शोर से नहीं, जिम्मेदारी से पहचान बनाइए। हेलमेट पहनें, नियमों का पालन करें और शहर को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।

यातायात पुलिस बिलासपुर का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि शहर में सुगम, सुरक्षित और शांत यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

