बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों और शहरी नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से आवेदन लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम शिवकुमार बनर्जी एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे और लोगों की शिकायतों को सुना।
जनदर्शन में मस्तुरी विकासखंड के ग्राम गुडी निवासी कोशम बाई सूर्यवंशी ने शौचालय एवं पशुशेड निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि उनका परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है और शौचालय के अभाव में उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

शहर के मोपका वार्ड क्रमांक 48 के निवासियों ने सामूहिक ज्ञापन सौंपते हुए जोगनीन–जोगिया तालाब जाने वाले सार्वजनिक रास्ते को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। नागरिकों ने बताया कि कुछ बिल्डरों द्वारा तालाब तक जाने वाले मार्ग पर बाउंड्री निर्माण कर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे निस्तारी में दिक्कत हो रही है। कलेक्टर ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जरहाभाठा निवासी संतोषी बाई ने स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। उन्होंने बताया कि वह एक दिव्यांग एवं गरीब गृहणी हैं, किराये के मकान में रहकर जीवन यापन कर रही हैं और सब्जी व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं।

कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को प्रकरण पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं सीपत तहसील के ग्राम दर्राभांठा के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए बताया कि गांव निवासी निर्दोष चन्द्राकर द्वारा सरकारी जमीन पर खेती की जा रही है तथा मकान निर्माण भी कराया गया है। कलेक्टर ने तहसीलदार को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सभी मामलों में नियमानुसार शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

