नशे की गिरफ्त से बचाने छेड़ा बड़ा अभियान दो आरोपी गिरफ्तार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
नशे के खिलाफ अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए युवाओं व नाबालिग बच्चों को नशे का आदी बनाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियाँ, इंजेक्शन, सिरिंज, नकदी और मोबाइल फोन सहित भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है। इन कार्रवाइयों को युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

पहले मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांधी चौक स्थित मिनी स्टेडियम वाली गली के पास एक युवक अवैध रूप से नशीली दवाइयाँ बेचने की फिराक में है। तत्काल घेराबंदी कर पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को पकड़ा, जिसने अपना नाम प्रिंस बोले (20 वर्ष), निवासी नया पारा दयालबंद बताया। तलाशी में उसके पास से

Nitrazepam Tablets IP (Nitrosun-10) – 2 स्ट्रिप (20 टैबलेट)
Nitrazepam Tablets IP (Nitzascan-10) – 7 स्ट्रिप (70 टैबलेट)
इस प्रकार कुल 90 प्रतिबंधित नशीली गोलियाँ, नकद 240 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी कोई वैध चिकित्सकीय दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके विरुद्ध धारा 21, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है। मामले में सप्लाई चैन और अन्य सहयोगियों की जांच जारी है।

दूसरे मामले में भी आज ही पुलिस को सूचना मिली कि जूना बिलासपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति नाबालिग बच्चों को नशे का इंजेक्शन देकर उन्हें इसकी लत लगा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर कुछ बच्चे भाग गए, जबकि संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया। उसने अपना नाम अमन विश्वकर्मा उर्फ टेंगा (25 वर्ष), निवासी जूना बिलासपुर बताया।
तलाशी में उसके पास से
400 Avil (Pheniramine Maleate) इंजेक्शन शीशियाँ (10 ml)
Buprenorphine & Naloxone से संबंधित सामग्री
इंजेक्शन लगाने में प्रयुक्त सिरिंज
खाली शीशियाँ व नकद 700 रुपये
बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि वह इन दवाइयों को मिलाकर नाबालिगों को नशा कराने के उद्देश्य से उपयोग कर रहा था, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा था। आरोपी के खिलाफ धारा 77 जेजे एक्ट तथा धारा 123, 275, 286 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी और अपील
सिटी कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार और बच्चों युवाओं को इसकी गिरफ्त में लाने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या नशीले पदार्थों से जुड़ी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
इन दोनों कार्रवाइयों से यह संदेश साफ है।
नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस सतर्क है और समाज की भागीदारी से ही आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखा जा सकता है।

