मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
नाबालिग की हिम्मत से सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी…
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] नाबालिग बालिका के साथ शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस संवेदनशील मामले में पुलिस की तत्परता और पीड़िता की हिम्मत से आरोपी कानून के शिकंजे में आ गया।
मामला थाना सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र का है, जहां 25 मार्च 2026 को पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि ग्राम घुठेली निवासी आयुष सिंह ने इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर वर्ष 2023 से लगातार तीन वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 64(2)(एम) बीएनएस, 5(एल), 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में जांच के दौरान एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(व्ही) भी जोड़ी गई। उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) हरविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी की लगातार तलाश की।
11 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम चातरखार के पास घेराबंदी कर आरोपी आयुष सिंह (उम्र 24 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना अजाक के आरक्षक अजीत सिंह बैंस, विजय सिंह ठाकुर, अमित साहू, महेन्द्र प्रताप सिंह, चालक आर. अजय गोयल एवं म.आर. दुर्गा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि सोशल मीडिया के जरिए बनाए गए रिश्तों में सतर्कता बेहद जरूरी है, और किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाना ही न्याय की पहली सीढ़ी है।

