निगम कमिश्नर की चेतावनी पर
मिशन मोड में जुटा निगम अमला…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर को स्वच्छता के मानकों पर नई ऊंचाई तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि स्वच्छता से जुड़े हर कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दृष्टी सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कमिश्नर सर्वे ने स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित मॉनिटरिंग, नालियों की सतत सफाई और सड़कों पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने के लिए सख्त निर्देश दिए। साथ ही निदान के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।

कमिश्नर ने सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को प्राथमिकता में रखने को कहा। उन्होंने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि किसी खाली प्लाट या खुले स्थान पर कचरा पाया जाता है, तो संबंधित क्षेत्र का सेनेटरी इंस्पेक्टर सीधे तौर पर जिम्मेदार माना जाएगा। इसके अलावा नदी तटों पर कचरा फेंकने से रोकने के लिए जनजागरूकता बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधोसंरचना एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई। कार्यों में देरी पर इंजीनियरों को कड़ी फटकार लगाते हुए कमिश्नर ने सीसी सड़क, नाली निर्माण, उद्यान विकास और स्ट्रीट लाइट जैसे सभी कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों को निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
राजस्व वसूली पर विशेष फोकस
राजस्व वसूली को लेकर भी निगम सख्त रुख अपनाए हुए है। कमिश्नर सर्वे ने 30 अप्रैल तक शेष बकायादारों से हर हाल में वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शासन द्वारा दी गई इस समयावधि का लाभ उठाते हुए संपत्तिकर का भुगतान करें। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे लोगों को ऑनलाइन भुगतान के लिए प्रेरित करें, ताकि प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बन सके।
स्पष्ट है कि नगर निगम अब स्वच्छता, विकास और राजस्व तीनों मोर्चों पर एक साथ तेज़ी से काम करते हुए बिलासपुर को एक आदर्श शहर बनाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ा रहा है।

