बस्ती चलो अभियान बना जन-आंदोलन: अमर अग्रवाल का बस्तियों में आत्मीय स्वागत में उमड़ा जनसमूह…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा आयोजित बस्ती चलो अभियान के अंतर्गत नगर विधायक अमर अग्रवाल ने शहर के विभिन्न मंडलों और वार्डों का व्यापक दौरा किया। इस अभियान के माध्यम से उन्होंने शासन की जनहितकारी नीतियों और सुशासन के संदेश को सीधे जनता के द्वार तक पहुँचाया।

आमजन ने मुक्तकंठ से की सराहना
जनसंपर्क के दौरान श्री अमर अग्रवाल ने बिलासपुर उत्तर, पूर्वी, रेलवे, मध्य और दक्षिण मंडलों के अंतर्गत आने वाले अरपा नगर, संत नामदेव नगर, शंकर नगर, रामदास नगर, रानी अहिल्या बाई नगर, किला वार्ड, कृष्णा नगर और आजाद नगर जैसे क्षेत्रों का दौरा किया। इन क्षेत्रों में पहुँचने पर हर आयु वर्ग के नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। विशेष रूप से बस्तियों की महिलाओं और बुजुर्गों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह पहली बार है जब कोई जनप्रतिनिधि इतनी आत्मीयता के साथ उनके घरों तक पहुँचकर सीधे संवाद कर रहा है।

लोगों ने प्रदेश की सुशासन सरकार के प्रति अपना विश्वास जताते हुए कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ अब उन तक बिना किसी बाधा के पहुँच रहा है। युवाओं ने भी इस डिजिटल और जमीनी जुड़ाव के समन्वय को सराहा और विकास कार्यों के प्रति अपनी संतुष्टि व्यक्त की। जनसंपर्क के दौरान उमड़ी भीड़ और लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि यह अभियान अब केवल एक कार्यक्रम न रहकर एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है।

सेवा और सुशासन का संकल्प
श्री अग्रवाल ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प केवल फाइलों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारा लक्ष्य अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति की सेवा करना है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को जागरूक किया कि कैसे वे सरकारी सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठा सकते हैं। जनता ने भी अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं को उनके समक्ष रखा, जिनके त्वरित निराकरण के लिए अग्रवाल ने आश्वस्त किया।

श्रीवास समाज की शोभायात्रा में सहभागिता अभियान के साथ ही,संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज की जयंती के अवसर पर श्री अमर अग्रवाल श्रीवास समाज द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित हुए। उन्होंने महाराज जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए और समाज के नागरिकों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संत सेन जी का जीवन सेवा और समरसता की सीख देता है, जो आज के समय में और भी प्रासंगिक है।

इस पूरे अभियान के दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

