शैक्षणिक भ्रमण में छात्रों को तकनीक दक्षता के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में किया गया प्रेरित..!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} शहर के लिए एक अनोखा और प्रेरणादायक नज़ारा उस समय देखने को मिला, जब ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने एक दिन के लिए ट्रैफिक व्यवस्था की कमान संभाली। यह अवसर था Integrated Command and Control Centre (I.C.C.C.) बिलासपुर के शैक्षणिक भ्रमण जिसने छात्रों को न केवल तकनीक से जोड़ा, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित किया।
इस विशेष भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आईसीसीसी कंट्रोल रूम का दौरा किया, जहां पूरे शहर की सुरक्षा, ट्रैफिक संचालन और निगरानी अत्याधुनिक कैमरों के माध्यम से की जाती है। सबसे खास पल तब आया जब कक्षा 10वीं की श्रेय साहू ने ट्रैफिक कमांड संभाली और कक्षा 12वीं की प्राची कौशिक ने एस.पी. के मार्गदर्शन में विभिन्न पुलिस थानों के साथ समन्वय स्थापित कर पूरी प्रक्रिया को समझा।

इसके बाद साइबर लैब में प्रभाकर तिवारी ने छात्रों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक से बचाव और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। साथ ही, 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर की महत्ता भी बताई गई।

थाना भ्रमण के दौरान छात्रों ने शिकायती कक्ष, जांच कक्ष, CCTNS कक्ष, रीडिंग रूम और रिकॉर्ड रूम का अवलोकन किया, जिससे उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली को करीब से समझने का मौका मिला।
यह शैक्षणिक यात्रा छात्रों के लिए बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुई। इस अनुभव ने उन्हें नई तकनीकों से परिचित कराने के साथ-साथ एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण सीख दी।

निश्चित रूप से, यह दिन छात्रों के लिए यादगार बन गया जब उन्होंने न केवल शहर को देखा, बल्कि उसकी व्यवस्था को समझा और एक दिन के लिए उसे संभालने का अनुभव भी प्राप्त किया।

