प्लास्टिक पर निगम की सख्ती: गणेश चौक सब्जी बाजार में छापा, 6 किलो सिंगल यूज़ प्लास्टिक जब्त…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाने के अभियान के तहत नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शनिवार को गणेश चौक स्थित समृद्धि बाजार एवं अस्थायी सब्जी बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यापारियों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने की अपील करते हुए कपड़े और जूट से बने थैलों को अपनाने का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान निगम की टीम ने बाजार परिसर से लगभग 6 किलो सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री जब्त की।

निगम कमिश्नर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कमिश्नर श्री सर्वे ने सब्जी एवं फल व्यापारियों से सीधे संवाद कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक न केवल पर्यावरण बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी बेहद हानिकारक है, इसलिए सभी नागरिकों और व्यापारियों को जिम्मेदारी निभाते हुए इसके उपयोग से बचना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान बाजार परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। निगम अधिकारियों को नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा बाजार क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम द्वारा लगातार प्लास्टिक मुक्त शहर और स्वच्छ बिलासपुर अभियान चलाया जा रहा है। निगम प्रशासन ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार कर कपड़े या जूट से बने थैलों का उपयोग करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य दिया जा सके।

