मिशन सिक्योर सिटी के CCTV से आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी के जेवर बरामद…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मिशन सिक्योर सिटी के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी के कब्जे से लगभग ₹1.50 लाख मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी 13 मई 2026 को अपनी सास की तबीयत खराब होने के कारण पत्नी के साथ अपने किराये के मकान में ताला लगाकर राजिम चला गया था। 19 मई 2026 की शाम मोहल्लेवासियों ने सूचना दी कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर प्रार्थी ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरे में रखी अलमारी से सोना-चांदी के जेवर चोरी हो चुके थे।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिरगिट्टी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस द्वारा विशेष टीम गठित की गई।
जांच टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के साथ-साथ मिशन सिक्योर सिटी के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन परीक्षण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विशाल अग्रवाल को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोना-चांदी के जेवरात जुमला कीमती लगभग ₹1,50,000 बरामद किए हैं। वहीं पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के कुछ जेवर सरकण्डा निवासी सोनार राजेश सोनी को बेचे गए थे। पुलिस ने राजेश सोनी के कब्जे से सोने के कान के टॉप्स, मांग टीका एवं अंगूठी भी जप्त की है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 367/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी:-
विशाल अग्रवाल, उम्र 33 वर्ष
निवासी श्याम परिसर, यदुनंदन नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर
राजेश सोनी (सोनार), उम्र 56 वर्ष
निवासी गया विहार, सरकण्डा, थाना सरकण्डा, जिला बिलासपुर

