प्रेम प्रसंग के चलते रची गई थी साजिश, आरोपी को झारखंड से गिराफ्तार कर भेजा गया जेल…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में फरार आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार होकर झारखंड में छिपा हुआ था, जिसे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पकड़कर बिलासपुर लाया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े भाई विनोद लोमदा को उसकी पत्नी पूनम लोमदा 18 मई 2026 को सुबह करीब 10 बजे राउरकेला पैसा लेने जाने की बात कहकर घर से लेकर निकली थी। इसके बाद 20 मई को दोपहर करीब 2 बजे वापस आकर उसने बताया कि विनोद लोमदा राउरकेला में काम करने रुक गए हैं।
परिजनों द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर पूनम लोमदा ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी सुगड टोप्पनो एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर विनोद लोमदा की हत्या की साजिश रची थी। आरोपी विनोद को पैसा दिलाने के बहाने झारखंड से लोकल ट्रेन में बैठाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पटरी किनारे ले गए, जहां 19 मई की सुबह करीब 3 बजे से 5 बजे के बीच गमछे से गला घोंटकर तथा चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को रेलवे पटरी किनारे पानी भरे कीचड़ में फेंक दिया गया।
मामले में आरोपी पत्नी पूनम लोमदा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका था, जबकि उसका प्रेमी सुगड टोप्पनो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक अभय सिंह बैस ने विशेष टीम गठित कर झारखंड रवाना की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी सुगड टोप्पनो को झारखंड के रांची क्षेत्र से हिरासत में लिया और बिलासपुर लाकर गिरफ्तार किया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 378/2026 धारा 103(1), 61 एवं 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी:-
सुगड टोप्पनो, पिता सिपरयन टोप्पनो, उम्र 27 वर्ष, निवासी रंगामाटी, थाना अनंतपुर, तहसील बाबूखेड़ा, जिला रांची (झारखंड), हाल मुकाम प्रगति नगर, सिरगिट्टी।

