
सामुदायिक भवन के लिए आबंटित जमीन को नियम विरुद्ध कांग्रेस को देने का किया विरोध
10-August, 2020
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] कांग्रेस पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। जिसमें बताया गया कि नजूल भूमि शीट नंबर 07, प्लॉट नंबर 30/2 क्षेत्रफल 24480 वर्ग फीट जमीन जिस पर साल 2014 में ही सामुदायिक भवन का निर्माण लाखों रुपए खर्च कर बनाया गया था, उसे इंडियन नेशनल कांग्रेस बिलासपुर को आवंटन कर दिया गया है। पूर्व में ही सारी प्रक्रियाओं का पालन कर जिस भूमि को जन उपयोग के लिए आवंटित किया गया था उसे रद्द करते हुए एक पार्टी को उसका आबंटन किया जाना साफ दर्शाता है कि किस तरह कांग्रेस सत्ता का दुरुपयोग कर कार्यपालिका को मजबूर कर रही है।
अमर अग्रवाल ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने इस निर्णय पर आपत्ति करते हुए 30 जुलाई को ही आयुक्त को पत्र लिखा था लेकिन अब तक उस पर किसी तरह की कोई कार्यवाही नहीं की गई है। यह जन भावना का सरासर निरादर है, इसलिए तहसीलदार द्वारा की गई इस कार्यवाही को स्थगित करने की मांग पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल के साथ भाजपा पार्षद अशोक विधानी, दुर्गा सोनी, राजेश सिंह और विजय ताम्रकार ने की है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में हासिल सभी शक्तियों का उपयोग इस हेतु किया जाएगा और न्याय के लिए अदालतों के दरवाजे भी खटखटाये जाएंगे। इस दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि मरवाही चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने इस संदर्भ में कछुआ और खरगोश की दौड़ का जिक्र करते हुए कहा कि अंततः जीत धीमी गति से चलने वाले की ही होती है इसलिए भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाना सही नहीं होगा।

