‘ऑपरेशन बाज’ के तहत लोरमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार…4.88 लाख का माल पहले ही हो चुका है बरामद…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़} थाना लोरमी पुलिस ने ग्राम नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले में डेढ़ माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इससे पहले इस मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी और चोरी का सामान सहित घटना में प्रयुक्त वाहन कुल 4.88 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर बीनू देवार (24 वर्ष) एवं करमदाता देवार (30 वर्ष), दोनों निवासी देवारपारा लोरमी, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 26 मई को नवलपुर निवासी हेमंत कुमार कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके खेत में स्थित दो वर्षों से बंद महामाया गुड़ फैक्ट्री के कमरों का ताला तोड़कर अज्ञात चोर चरखा मोटर, जूस मोटर, चेन कुप्पी ब्लॉक, स्टार्टर, बिजली उपकरण, लोहे का कबाड़ एवं अन्य सामान, जिसकी कीमत लगभग 66 हजार रुपये थी, चोरी कर ले गए।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले ही मनीष देवार, कन्हैया उर्फ बोदकू देवार, शंकर देवार तथा कबाड़ी संचालक असगर खान को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, बिना नंबर की टीवीएस लूना तथा एक पिकअप वाहन सहित कुल 4 लाख 88 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया था।
अब फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इस चर्चित चोरी कांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा कर दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, लोकेश्वर कौशिक, चंद्रकुमार ध्रुव तथा आरक्षक राजू साहू, युगल किशोर, देवीचंद नवरंग और दिलेश्वर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

