कांग्रेस भवन से नेहरू चौक तक निकाली रैली…गरीबों के आशियाने उजाड़ने का आरोप सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] रायपुर के नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) और शहर कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन से नेहरू चौक तक रैली निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के समापन पर नेहरू चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने गरीब परिवारों के आशियानों पर देर रात बुलडोजर चलाकर अमानवीय कार्रवाई की है। उनका कहना था कि गरीबों को बेघर कर विकास का दावा करना अन्यायपूर्ण है और सरकार को इस कार्रवाई के लिए जवाब देना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि गरीबों के साथ इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-1 के अध्यक्ष संतोष गर्ग, शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री निजामुद्दीन दुलारे, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, सीमा पांडे, प्रमोद नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नकटी गांव की कार्रवाई को लेकर प्रदेशभर में सियासी घमासान:-
रायपुर के नकटी गांव में हाल ही में प्रशासन ने प्रस्तावित विधायक आवास परियोजना के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान बड़ी संख्या में मकानों पर बुलडोजर चलाया गया। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए की गई, जबकि प्रभावित परिवारों और विपक्ष ने इसे गरीबों के साथ अन्याय बताते हुए विरोध दर्ज कराया। इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है।

बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता बिलासपुर में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस भवन से नेहरू चौक तक पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। नेहरू चौक पहुंचकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी गरीबों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

