हाईटेक बस स्टैंड में 19 बस ऑपरेटरों के दफ्तर सील कमिश्नर ने दिया अल्टीमेटम… पहले भुगतान फिर खुलेगा ताला…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम बिलासपुर ने बकायादारों के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। शुक्रवार को निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर तिफरा स्थित हाईटेक बस स्टैंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से किराया नहीं चुकाने वाले 19 बस संचालकों के कार्यालयों पर ताला जड़ दिया गया। निगम का कहना है कि इन बस संचालकों पर करीब एक करोड़ रुपये का किराया बकाया है और पूरी राशि जमा होने तक ताला नहीं खुलेगा।
जोन क्रमांक-2 और अतिक्रमण शाखा की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड परिसर में संचालित कार्यालयों और दुकानों को सील कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

निगम के अनुसार वर्ष 2022 में हाईटेक बस स्टैंड नगर निगम के अधीन आने के बाद से सभी दुकानों और कार्यालयों का किराया निगम को जमा किया जाना था, लेकिन कई बस संचालकों ने लगातार भुगतान नहीं किया। बार-बार नोटिस और अवसर देने के बावजूद बकाया जमा नहीं होने पर आखिरकार निगम ने सख्त कदम उठा लिया। निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने साफ शब्दों में कहा कि नगर निगम की संपत्तियों से मिलने वाले राजस्व से कोई समझौता नहीं होगा। जो भी बकायादार होंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट अल्टीमेटम दिया कि बकाया राशि जमा किए बिना किसी भी सील किए गए कार्यालय का ताला नहीं खोला जाएगा।

इन बस संचालकों पर गिरी निगम की कार्रवाई
कार्रवाई की जद में आए बस संचालकों में वंदे भारत बस सर्विस, राजधानी बस सर्विस, सर्वमंगला बस सर्विस, कैपिटल बस सर्विस, कस्तूरिया बस सर्विस, दुबे ट्रैवल्स, आदर्श बस सर्विस, आशीष ट्रैवल्स, यश ट्रैवल्स, हितेश ट्रैवल्स, जुनेजा बस सर्विस, रितिका बस सर्विस, जयेश बस सर्विस सहित कुल 19 बस संचालक शामिल हैं।

नगर निगम ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और निगम की आय प्रभावित करने वाले किसी भी बकायादार को अब राहत नहीं मिलेगी।

