क्या पति ने ही दिया खौफनाक घटना को अंजाम…?
उजड़ गया पूरा परिवार…!
जांच अभी जारी…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शनिवार की सुबह न्यायधानी बिलासपुर के लिए ‘ब्लैक सैटरडे’ साबित हुई। शहर में सनसनी फैला दी, जिनमें दोहरी मौत से हड़कंप मच गया। सबसे दिल दहला देने वाला मामला तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर से सामने आया, जहां एक किराए के मकान में पति-पत्नी मृत मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना के दौरान दंपति के दो मासूम बच्चे दूसरे कमरे में बंद मिले, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।
शनिवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हेमूनगर स्थित किराए के मकान से अनहोनी की आशंका होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और मकान मालिक को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया।

पति अशोक देवांगन
एक कमरे में अशोक देवांगन फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। महिला के गले पर कुल्हाड़ी से कई वार के गहरे निशान मिले हैं। घटनास्थल पर भारी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे वारदात की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दूसरे कमरे में बंद मिले दो मासूम:-
घटना के समय दंपति के दो छोटे बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद थे। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि बच्चों से मिली जानकारी घटनाक्रम की अहम कड़ियां जोड़ने में मददगार हो सकती है।
सब्जी बेचता था मृतक, कई एंगल से जांच
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और अधिकतर समय घर पर ही रह रहा था। पुलिस आर्थिक स्थिति, व्यवसाय में नुकसान, पारिवारिक तनाव और अन्य संभावित कारणों सहित हर पहलू की जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फॉरेंसिक जांच के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी।
इलाके में पसरा मातम:-
इस दर्दनाक घटना के बाद हेमूनगर सहित पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पूरे दिन इस हृदयविदारक घटना की चर्चा होती रही।
पुलिस का बयान:-
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा फांसी लगाकर जान देने का प्रतीत होता है, लेकिन जांच अभी जारी है। सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम एवं फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

