नई आपराधिक कानूनों के अनुरूप पुलिस की तकनीकी पहल से न्याय प्रक्रिया को मिलेगी गति…!
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
नई आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिसिंग की कार्यशैली में तकनीकी कसावट लाने की दिशा में मुंगेली पुलिस ने एक महत्वपूर्ण और प्रशंसनीय पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों एवं विवेचकों को 68 मोबाइल डाटा टर्मिनल (MDT) डिवाइस वितरित किए। इस पहल से अब पुलिस विवेचना पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी, समयबद्ध और अधिक प्रभावी हो सकेगी।

एमडीटी डिवाइस मिलने के बाद विवेचक अब घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो, डिजिटल साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। इससे न केवल जांच में होने वाली अनावश्यक देरी समाप्त होगी, बल्कि वरिष्ठ अधिकारी भी प्रत्येक प्रकरण की रियल टाइम मॉनिटरिंग कर सकेंगे। नई व्यवस्था से विवेचना की गुणवत्ता और जवाबदेही दोनों में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है।

एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों की भावना के अनुरूप आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर विवेचना को वैज्ञानिक और सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवा मिल सके।

वितरण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचक मौजूद रहे। जिले में सिटी कोतवाली मुंगेली और थाना लोरमी को 10-10, पथरिया, लालपुर, जरहागांव और विल्फी को 6-6, सरगांव को 7, फास्टरपुर को 5, चौकी डिंडौरी को 4, खुड़िया को 3, साकेत और अजाक थाना को 2-2, जबकि साइबर सेल को 1 एमडीटी डिवाइस प्रदान किया गया।

मुंगेली पुलिस की यह तकनीकी पहल डिजिटल पुलिसिंग को नई मजबूती देने के साथ-साथ विवेचना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और दक्ष बनाएगी।
आधुनिक तकनीक के समावेश से अपराधों की जांच पहले से अधिक तेज, सटीक और गुणवत्तापूर्ण होगी, जिससे न्याय प्रक्रिया को भी गति मिलेगी और आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होगा।


