बोले…
जनहित सर्वोपरि नागरिकों की शिकायतों और जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर तत्काल कार्रवाई करें…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शहर की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नागरिकों की शिकायतों, जनप्रतिनिधियों के पत्रों और शासन स्तर से प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसमें किसी भी स्तर की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दृष्टि सभा कक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने नगर निगम के सभी विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लेवल-2, लेवल-3 और लेवल-4 के लंबित मामलों पर विशेष चर्चा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल औपचारिक रूप से प्रकरण बंद करने के बजाय नागरिकों की वास्तविक समस्याओं का समाधान किया जाए।
बैठक में आगामी 7 अगस्त को मोहल्ला समिति के सदस्यों को पहचान पत्र वितरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सभी आई-कार्ड समय पर तैयार किए जाएं तथा प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से मोहल्ला समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही शहर का सुनियोजित विकास संभव है।
वर्षा ऋतु को देखते हुए कमिश्नर ने शुद्ध पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, नाला-नालियों की सफाई और जलभराव की संभावित स्थिति पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र से जलभराव या पेयजल संबंधी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर नागरिकों को राहत पहुंचाई जाए।
संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छता व्यवस्था, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव और नियमित सफाई अभियान में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में जनस्वास्थ्य की सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

समीक्षा बैठक में विधायकगण द्वारा भेजे गए पत्रों पर की गई कार्रवाई, सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण तथा कलेक्टर टीएल, पीजीएन और पीएमओ से प्राप्त लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने सभी विभागों को समय-सीमा के भीतर संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा आगामी उप मुख्यमंत्री की प्रस्तावित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की तैयारियों की भी विभागवार समीक्षा की गई। कमिश्नर ने सभी विभाग प्रमुखों से अद्यतन जानकारी, उपलब्धियां और प्रगति प्रतिवेदन पूरी तैयारी के साथ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम के सभी विभाग प्रमुख, जोन कमिश्नर, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, सहायक एवं उप अभियंता, स्वच्छता निरीक्षक तथा पीआईयू के अधिकारी उपस्थित रहे।

