व्यापार विहार से महाराणा प्रताप चौक तक चला निगम का अभियान बृहस्पति बाजार में भी हटाया अतिक्रमण…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर शहर के फुटपाथों पर कब्जा कर आम लोगों की राह रोकने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर जोन क्रमांक-4 एवं अतिक्रमण विरोधी टीम ने व्यापार विहार से महाराणा प्रताप चौक तक अभियान चलाकर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न अतिक्रमणकारियों से कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। निगम की टीम ने फुटपाथ पर दुकान का सामान फैलाकर रखने, अस्थायी ठेले लगाने तथा अन्य माध्यमों से पैदल आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। मौके पर मिले अतिक्रमण को हटाते हुए संबंधित दुकानदारों एवं अन्य लोगों को दोबारा फुटपाथ पर कब्जा नहीं करने की सख्त समझाइश दी गई।

इसी क्रम में बृहस्पति बाजार क्षेत्र में भी फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। निगम की टीम द्वारा प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि फुटपाथ आम नागरिकों के लिए सुगम और सुरक्षित बने रहें।
फुटपाथ पर कब्जा किया तो होगी कार्रवाई
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों के फुटपाथ पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि फुटपाथ का उपयोग पैदल चलने वाले नागरिकों के लिए होना चाहिए। अतिक्रमण के कारण राहगीरों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर जुर्माना भी वसूला जाए। निगम की इस कार्रवाई से साफ है कि शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने को लेकर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है।

