महिला झपटमारी गैंग के चोरी के आभूषण खरीदार सोनार गिरफ्तार…
67 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] चलती बसों में महिलाओं से झपटमारी कर सोने की चैन और मंगलसूत्र चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए चोरी के सोने की खरीद करने वाले सोनार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7 तोला यानी 67 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि झपटमारी और चोरी के माल को खपाने वाले खरीदार भी अब पुलिस की नजर से नहीं बच सकेंगे।
रतनपुर पुलिस के अनुसार, चलती बसों में महिलाओं से झपटमारी कर सोने की चैन एवं मंगलसूत्र चोरी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्यों को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी के सोने की खरीद-फरोख्त करने वाले गौतम पिता राजेन्द्र कुमार दुबे, उम्र 35 वर्ष, निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा का नाम सामने आया।
जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने झपटमारी से प्राप्त करीब 7 तोला सोना खरीदने तथा उसे गलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से 67 ग्राम गला हुआ सोना बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी गौतम दुबे को 21 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
चोरी के माल के नेटवर्क पर पुलिस की सीधी चोट:-
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध के पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने केवल झपटमारी करने वाले आरोपियों तक कार्रवाई सीमित न रखते हुए चोरी के माल को खरीदकर उसे गलाने और खपाने वाले व्यक्ति तक भी पहुंच बनाई। इससे अपराधियों को चोरी का माल खपाने के लिए मिलने वाले संभावित संरक्षण पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से यह संदेश भी स्पष्ट है कि चोरी और झपटमारी का माल खरीदने, छिपाने या खपाने वालों को भी किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
थाना प्रभारी की टीम का अहम योगदान
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय एवं प्र.आर. बलदेव सिंह का विशेष योगदान रहा। रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के साथ-साथ चोरी के माल के खरीदारों पर प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण माना जा रहा है।

