दो दिन पुराना बताया जा रहा शव मृतक की पहचान नहीं डूबने से मौत की आशंका जांच में जुटी सरकंडा पुलिस…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सरकंडा थाना क्षेत्र के नांग-नागिन तालाब में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तालाब में एक अधेड़ व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव दिखाई देने के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि अधेड़ की मौत तालाब में डूबने से हुई होगी। हालांकि मौत की असल वजह क्या रही, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अधेड़ व्यक्ति नांग-नागिन तालाब तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
फिलहाल सरकंडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही घटना की तस्वीर पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है।

