निर्माणाधीन हाई स्कूल से चोरी किए थे सरिया के 20 बंडल वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर समेत 3.44 लाख रुपये की संपत्ति जब्त…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन से सरिया चोरी करने के मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने ग्राम लीलापुर स्थित निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन से सरिया के 20 बंडल चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सरिया और वारदात में इस्तेमाल नीले रंग का स्वराज 735 ट्रैक्टर जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3 लाख 44 हजार 435 रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों को 12 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
निर्माणाधीन भवन से चोरी की वारदात:-
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लोरमी के गांधीडीह स्थित विनय विहार कॉलोनी निवासी विवेक सिंह ने चौकी डिंडौरी, थाना चिल्फी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आर.जे. कंस्ट्रक्शन द्वारा ग्राम लीलापुर में हाई स्कूल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माणाधीन भवन के सामने अग्रोहा कंपनी के 10 एमएम सरिया के बंडल रखे हुए थे। 9 और 10 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने इनमें से 20 बंडल सरिया पार कर दिए।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ट्रैक्टर से ले गए थे चोरी का माल-:
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में चौकी डिंडौरी पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पता चला कि चोरी किए गए सरिया को ट्रैक्टर के माध्यम से ले जाया गया था। पुलिस ने प्रत्यक्ष जानकारी, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का सुराग जुटाया। जांच की कड़ी कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र तक पहुंची, जहां संदेही रवि कुमार धुर्वे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में रवि ने अपने साथी शुभम सिंह धुर्वे, जय कुमार पोर्ते, राहुल सिंह धुर्वे और वीरेंद्र कुमार मरकाम के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।
सरिया और ट्रैक्टर सहित 3.44 लाख की संपत्ति जब्त-:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 20 बंडल सरिया, जिनकी कीमत 84,435 रुपये है, तथा वारदात में इस्तेमाल नीले रंग का स्वराज 735 ट्रैक्टर क्रमांक CG 09 JS 4880, जिसकी कीमत 2 लाख 60 हजार रुपये है, जब्त किया। इस तरह पुलिस ने कुल 3 लाख 44 हजार 435 रुपये की संपत्ति बरामद की।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:-
रवि कुमार धुर्वे (27 वर्ष), निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
शुभम सिंह धुर्वे (25 वर्ष), निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
जय कुमार पोर्ते (27 वर्ष), निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
राहुल सिंह धुर्वे (24 वर्ष), निवासी खैरडोंगरी, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
वीरेंद्र कुमार मरकाम (22 वर्ष), निवासी मदनपुर, थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम।
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी प्रधान आरक्षक उप निरीक्षक हर्षा वर्मा, उप निरीक्षक मान सिंह, प्रधान आरक्षक श्याम डहरिया एवं गुलाब सिंह तथा आरक्षक पवन गंधर्व और संजय पात्रे की अहम भूमिका रही।

