दूसरे दिन गाँव-गाँव हुआ भव्य स्वागत आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में दिखा अभूतपूर्व उत्साह भाड़ी में माता के जगराते से भक्तिमय हुआ क्षेत्र…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर माँ महामाया की भक्ति, सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा और सामाजिक एकता के रंग में पूरा बेलतरा विधानसभा क्षेत्र सराबोर नजर आ रहा है। विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही शारदीय नवरात्रि की भव्य ध्वजा यात्रा के दूसरे दिन गाँव-गाँव में आस्था का जनसैलाब उमड़ा। कहीं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और आत्मीय स्वागत से यात्रा का अभिनंदन किया, तो कहीं माता के जयकारों और पारंपरिक जसगीतों की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। विशेष रूप से आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना। दिनभर भक्ति और उल्लास के बीच आगे बढ़ी यात्रा का समापन भाड़ी में माता के भव्य जगराते के साथ हुआ, जहाँ देर रात तक भक्ति की स्वर-लहरियाँ गूंजती रहीं।
गाँव-गाँव गूंजे जयकारे, श्रद्धालुओं ने बढ़ाया उत्साह:-

माँ महामाया और गिरजाबंध हनुमान जी के जयकारों के साथ ध्वजा यात्रा ने टेकर से दूसरे दिन की यात्रा प्रारंभ की। इसके बाद गिधौरी, नेवसा, जाली, बेलतरा, सलखा, धौरामुड़ा, बिटकुली, करमा, बसहा, नगपुरा, गोपालपुर, पाण्डेयपुर और भिल्मी होते हुए यात्रा रात्रि विश्राम के लिए भाड़ी पहुँची।
यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। माता के जयकारों, भक्ति गीतों और जसगीतों से गाँवों का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने इस धार्मिक आयोजन को जन-आस्था के उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
बेलतरा में कुर्मी समाज ने किया आत्मीय अभिनंदन:-
बेलतरा में कुर्मी समाज ने ध्वजा यात्रा का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। समाज के लोगों ने धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा का अभिनंदन करते हुए माँ महामाया के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस दौरान सामाजिक सहभागिता, आपसी सौहार्द और धार्मिक एकजुटता की झलक देखने को मिली। ग्रामीणों का स्वागत और श्रद्धालुओं की भागीदारी यात्रा के उत्साह को लगातार बढ़ाती रही।
आदिवासी बाहुल्य गाँवों में भक्ति का अनूठा रंग
सलखा, धौरामुड़ा, बिटकुली, करमा और बसहा जैसे आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में ध्वजा यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

ग्रामीणजन पूरे जोश और उमंग के साथ यात्रा में शामिल हुए। पारंपरिक जसगीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते, नाचते और गाते नजर आए। माता के जयकारों से गूंजते गाँवों में धार्मिक आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति की भी सुंदर झलक दिखाई दी।
गाँव-गाँव में मिल रहे आत्मीय स्वागत ने यह संदेश दिया कि ध्वजा यात्रा धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी माध्यम बन रही है।

भाड़ी में जगराते ने बांधा भक्ति का समां
यात्रा के दूसरे दिन का समापन भाड़ी में रात्रि विश्राम के साथ हुआ। इस अवसर पर हिलेन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा माता के जगराते की भक्तिमय प्रस्तुति दी गई। माता के भजनों और जयकारों से पूरा ग्राम भक्तिरस में डूब गया। ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक जगराते में भाग लिया। देर रात तक चले भक्ति के इस माहौल ने यात्रा के दूसरे दिन को यादगार बना दिया।
तीसरे दिन माँ वैष्णोदेवी मंदिर नागोई पहुँचेगी यात्रा:-

ध्वजा यात्रा के तीसरे दिन भाड़ी से आगे बढ़कर खैरा (ड), डंगनिया, सेलर, मोहरा, उरतुम, परसाही और उरैहापारा होते हुए माँ वैष्णोदेवी मंदिर, नागोई पहुँचेगी, जहाँ रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।

यात्रा का अगला पड़ाव भी श्रद्धालुओं की सहभागिता और धार्मिक उत्साह के बीच संपन्न होने की उम्मीद है। यह ध्वजा यात्रा बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से होकर माँ महामाया मंदिर, रतनपुर तक पहुँचेगी।

आस्था के साथ सामाजिक समरसता का संदेश
विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही ध्वजा यात्रा के माध्यम से माँ महामाया के प्रति श्रद्धा, सनातन संस्कृति के संरक्षण और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच एकता का संदेश दिया जा रहा है। यात्रा में गाँव-गाँव से मिल रही सहभागिता और स्वागत धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को भी रेखांकित कर रहे हैं।

माँ महामाया के जयकारों के साथ आगे बढ़ रही ध्वजा यात्रा के हर पड़ाव पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का संगम दिखाई दे रहा है। बेलतरा विधानसभा की धरती इन दिनों माता की आराधना और लोक-संस्कृति के रंग में रंगी नजर आ रही है।

