
13 दिन पूर्व ही पायी गई थी कोरोना संक्रमित रायपुर के एम्स में चल रहा था इलाज!
02-Sep,2020
राजनांदगांव-[जनहित न्यूज़] भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राजनांदगांव की पूर्व महापौर शोभा सोनी का आज दोपहर निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के कारण रायपुर एम्स में इलाज करा रही थीं। उनके निधन पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गहन शोक व्यक्त किया है।
राजनांदगांव शहर सहित जिले को आज एक और बड़ा झटका लगा, जब यह खबर मिली कि पूर्व महापौर और मौजूदा नेता प्रतिपक्ष श्रीमती शोभा सोनी का निधन हो गया है। श्रीमती सोनी के निधन की खबर ने जिले को झकझोर कर रख दिया।
मिली जानकारी के अनुसार श्रीमती शोभा सोनी 13 दिन पूर्व कोरोना संक्रमित हुई थीं। जिनका इलाज राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। हालत नाजुक होने के बाद उन्हें रायपुर एम्स अस्पताल में भर्ती किया गया था । एम्स में कुछ दिनों तक स्वास्थ्य में सुधार हो रहा था, फिर अचानक उन्हें ऑक्सीजन की कमी होने लगी और देर रात उन्हें वेंटिलेटर में रखा गया था। श्रीमती सोनी का आज दोपहर बाद लगभग 3 बजे निधन हो गया।
श्रीमती शोभा सोनी बहुत ही सहज और सरल व्यक्तित्व के धनी थी । उन्होंने अपनी राजनीति की शुरुआत अपने ही वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़कर की थी। उसके बाद वे महापौर चुनी गई। वे भाजपा शासनकाल में समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष रहीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में भाजपा महिला मोर्चे का नेतृत्व भी किया।

