ऐसे में अपराधियो के खिलाफ अब कौन देगा गवाही….! पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ़्तार…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} बिलासपुर रतनपुर क्षेत्र में रविवार सुबह ग्राम परसदा में हत्या के एक आरोपी ने खुलेआम कानून को चुनौती देते हुए अपने ही खिलाफ गवाही देने वाले गवाह पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय लक्ष्मण खरे को बिलासपुर सिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
हमलावर रवि गढ़वाल, जो एक हत्या मामले में पहले से आरोपी है, जेल से छूटते ही गवाहों को जान से मारने की धमकी दे रहा था। लक्ष्मण उन्हीं तीन गवाहों में शामिल थे। हमले के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रतनपुर थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही और अपराधियों को शह मिलने के चलते गांव में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है।
ग्रामीणों का आरोप….!
रवि गढ़वाल एक आदतन अपराधी है।
उसके खिलाफ कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई पुलिस की निष्क्रियता से अपराधी बेखौफ हो गए हैं।
पुलिस का पक्ष:
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है…!
उसके खिलाफ कड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है,कानून व्यवस्था को बहाल रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है
यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में गवाह बनना कितना जोखिम भरा हो गया है। सवाल यह है कि जब अपराधियों को समय रहते सजा नहीं मिलती, तो कौन देगा उनके खिलाफ गवाही?
अब यह पुलिस की जवाबदेही है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आम नागरिकों का कानून में विश्वास बना रहे।
संपादकीय सुझाव…🙏
यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो शांत और धार्मिक नगरी रतनपुर भी अपराध के अड्डे बनते देर नहीं लगेगी।

