नन्हें बच्चों ने शानदार प्रस्तुति के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़} ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में आज “ग्रीन डे” उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिसमें नन्हे बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों और हरियाली के प्रति लगाव से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निवेदिता सरकार ने किया।
इस विशेष अवसर पर चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती भी श्रद्धा भाव से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत में अशविक ने “छत्तीसगढ़ महतारी” गीत की मधुर प्रस्तुति दी, वहीं अरना, पृथ्वी और तन्वी यादव ने करेले पर एक अनोखी कविता सुनाकर पर्यावरण से जुड़ी भावनाओं को सुंदर शब्दों में पिरोया। नर्सरी के छोटे से छात्र वजेश राय ने डायनासोर की मिमिक्री कर सबको हँसने पर मजबूर कर दिया।

बच्चों ने फल, सब्ज़ी, पेड़-पौधों के रूप में सजकर न केवल मंच पर रचनात्मकता दिखाई, बल्कि ‘हरियाली ही हमारी असली पूँजी है’ यह संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया।

प्राचार्या श्रीमती निवेदिता सरकार ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, जितने अधिक पेड़ लगाएंगे, उतनी ही शुद्ध हवा और सुंदर प्रकृति हमें मिलेगी।

हर बच्चा यदि एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान नन्हें हाथों से पौधारोपण भी किया गया, जिसने सभी के दिलों को छू लिया। मंच संचालन शिक्षिका पुष्पा बैगुर ने उत्साहपूर्ण अंदाज़ में किया, वहीं शिक्षिका शोभा ने छत्तीसगढ़ी पर्व हरेली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देकर बच्चों को स्थानीय परंपराओं से जोड़ा।

पूरे कार्यक्रम का संचालन अत्यंत रोचक शिक्षाप्रद और मनोरंजनपूर्ण रहा। जिसमें सभी शिक्षिकाओं व शिक्षकों का सक्रिय सहयोग सराहनीय रहा।

ड्रीमलैंड स्कूल का यह प्रयास बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाने वाला और समाज को हरियाली की ओर प्रेरित करने वाला अनूठा कदम सिद्ध हुआ।

