साइबर-तकनीक रणनीति से अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी पुलिस की कार्यशैली पर लगी सफलता की मुहर…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज} एक अज्ञात लाश, कोई सुराग नहीं, कोई गवाह नहीं लेकिन एसएसपी रजनेश सिंह के कुशल नेतृत्व और साइबर-तकनीक आधारित रणनीति ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर न केवल जिले की पुलिस कार्यशैली पर सफलता की मुहर लगाई है,बल्कि यह संदेश भी दे दिया कि बिलासपुर पुलिस अपराधियों को बख्शती नहीं है।
तकनीक और टीमवर्क की मिसाल बनी बिलासपुर पुलिस दिनांक 17 जुलाई को थाना चकरभाठा क्षेत्र अंतर्गत हिर्री माइन्स के पास एक युवक की बुरी तरह क्षत-विक्षत लाश मिली थी। पहचान छुपाने के लिए चेहरा कुचल दिया गया था। पर एसएसपी रजनेश सिंह ने इस केस को व्यक्तिगत रूप से चुनौती के रूप में लिया और ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) व थाना चकरभाठा की संयुक्त टीम को निर्देशित किया।
टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी इनपुट का विश्लेषण किया और धीरे-धीरे हर कड़ी को जोड़ा। आखिरकार मृतक की पहचान साहिल पाटले के रूप में हुई और खुलासा हुआ कि हत्या उसी के रिश्तेदारों ने पारिवारिक कलह के चलते रची गई साजिश में की थी।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी, साजिश का पर्दाफाश
मामले की जांच में जो सच सामने आया, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था। मृतक की पत्नी, उसकी सास, साढू और एक अन्य साथी ने मिलकर 1 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। इसमें से ₹8,000 की एडवांस रकम भी दी गई थी। फिर योजना के अनुसार, साहिल को शराब पिलाकर पत्थरों से पीट-पीटकर मार डाला गया।

एसएसपी रजनेश सिंह की सराहनीय रणनीति
इस संपूर्ण ऑपरेशन में एसएसपी रजनेश सिंह की सतर्क निगरानी और निर्णायक नेतृत्व ने अहम भूमिका निभाई। उनके निर्देशों पर गठित टीमों ने न केवल तकनीक का सटीक इस्तेमाल किया, बल्कि मानव सूझबूझ और आपसी समन्वय से केस को अंजाम तक पहुँचाया।
सम्मान और प्रोत्साहन की घोषणा
इस कार्यवाही में शामिल एएसपी राजेन्द्र जायसवाल, एएसपी अनुज कुमार, डीएसपी रशमीत कौर, निरीक्षक उत्तम साहू समेत संपूर्ण टीम के 20+ सदस्यों की एसएसपी ने प्रशंसा की और उनके लिए उचित पुरस्कार की घोषणा की गई।
नाम गिरफ्तार आरोपी-
01. श्रीमती सरोजनी खुंटे पति दिलीप खुंटे उम्र 38 साल निवासी ग्राम कुरमा थाना बलौदा जिला जांजगीर चाम्पा (छ.ग.)
02. श्रीमती वर्षा खुंटे पति साहिल पाटले उम्र 20 साल निवासी ग्राम मोहनपुर थाना बलौदा जिला जांजगीर चाम्पा (छ.ग.) हाल मू. कालिका नगर तिफरा थाना सिरगिट्टी जिला बिलासपुर (छ.ग.)
03. राजाबाबू खुंटे पिता अश्वनी खुंटे उम्र 24 साल निवासी ग्राम कुरमा थाना बलौदा जिला जांजगीर चाम्पा (छ.ग.)
04. विकास आदिले पिता विजय आदिले उम्र 19 साल निवासी ग्राम कुरमा थाना बलौदा जिला जांजगीर चाम्पा (छ.ग.) हाल मू. कालिका नगर तिफरा थाना सिरगिट्टी जिला बिलासपुर (छ.ग.) आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्र 284/25 धारा 103, 238, 61(2), 3(5) बी.एन.एस.।
बरामद सामग्री:-
01. बजाज पल्सर मोटर सायकल क्रमांक
सी.जी. 11 बी.जे. 1748
02. घटना में प्रयुक्त पत्थर।
03. आरोपियो के मोबाईल फोन 04 नग।

बिलासपुर पुलिस की सफलता भरोसे और भय का सटीक संतुलन इस केस ने यह साफ कर दिया है कि बिलासपुर पुलिस अपराधियों के लिए डर और आमजन के लिए भरोसे का पर्याय बन चुकी है। एसएसपी रजनेश सिंह जैसे नेतृत्वकर्ता के हाथों में जब कमान हो, तो अपराध कितना भी अंधा हो सच सामने आकर रहेगा।

