मुख्यमंत्री साय बोले…जनजातीय समाज को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे प्रधानमंत्री मोदी…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज] भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड, बिलासपुर में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का स्वर्णिम इतिहास शौर्य, बलिदान और अस्मिता से भरा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के हर मोर्चे पर अद्वितीय योगदान दिया, परंतु इतिहास में उन्हें वह स्थान नहीं मिला जिसके वे हकदार थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा… प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस ऐतिहासिक भूल को सुधारा और जनजातीय समाज के सम्मान व उत्थान के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर पूरे देश में एक नई चेतना और स्वाभिमान का संचार किया। उन्होंने रानी दुर्गावती संग्रहालय (जबलपुर) व शहीद वीर नारायण सिंह ट्राइबल म्यूजियम (रायपुर) का उल्लेख करते हुए कहा कि ये संग्रहालय डिजिटल रूप में भी उपलब्ध हैं, जिससे नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सके।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज को नई पहचान और सशक्तिकरण की दिशा वहीं से मजबूत हुई। आज देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद आदिवासी समाज की बेटी के पास है और छत्तीसगढ़ में भी आदिवासी समाज का बेटा मुख्यमंत्री के रूप में सेवा कर रहा है।
धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना’ और ‘पीएम जनमन’ दे रहे विकास को नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत 80 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि से 6600 से ज्यादा गाँवों में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना के अंतर्गत सड़कों, आवासों और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता से हो रहा है।
उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर है और राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले में 329 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा जनजातीय समाज के मेधावी विद्यार्थियों, कलाकारों व समाजसेवियों को सम्मानित किया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा… बिलासपुर के लिए सम्मान और सौभाग्य का दिन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा… भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे और जनजातीय समाज का इतिहास स्वाभिमान से भरा है। उन्होंने बिलासपुर को मिले विकास कार्यों की सौगात को ऐतिहासिक बताया।
कार्यक्रम में प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गौरवपूर्ण उपस्थिति
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, भूपेंद्र सवन्नी, राजा पांडेय, राजेश,सूर्यवंशी महापौर पूजा विधानी, वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व एल्डरमेन मनीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक घोषणाएँ…
बिलासपुर में लगेगी भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ करते हुए बताया…
बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
शहर के एक प्रमुख चौक का नामकरण भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर होगा।
लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह ओवरब्रिज के रूप में किया जाएगा।

जनजातीय बालक-बालिकाओं के लिए 300 व 200 सीटर अत्याधुनिक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास बनाए जाएंगे।
कोटा ब्लॉक में जनजातीय समाज के लिए सुसज्जित सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।

