मृतक धीरज का शव मिलने से गांव पसरा में मातम पुलिस जांच में जुटी…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज] न्यायधानी बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाला हत्या कांड सामने आया है। छह दिनों से लापता युवक का शव तालाब में तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए शव को रस्सी से बांधकर भारी पत्थरों के सहारे पानी में डुबो दिया, ताकि वारदात का राज कभी उजागर न हो सके। लेकिन फूले हुए शव के सतह पर आने से पूरी सच्चाई सामने आ गई।
6 दिन से गुमशुदा था युवक
कोटा थाना क्षेत्र के घोरामार गांव का निवासी धीरज साहू 30 नवंबर की रात मुर्गी फार्म जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। चिंतित परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी हुई थी। परंतु किसी को भी अंदाजा नहीं था कि यह खोज एक दर्दनाक हादसे के रूप में सामने आएगी।
पानी की सतह पर आया सच
7 दिसंबर की सुबह फेकू बांधनी तालाब में तैरते हुए एक शव की सूचना मिली। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तो सब दंग रह गए। शव रस्सी से बंधा हुआ था और उस पर बड़े पत्थर लटके हुए थे, जिन्हें देखकर साफ था कि मौत दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। परिजनों ने शव की पहचान धीरज के रूप में की, जिसके बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
हत्या की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसको स्पष्ट रूप से हत्या का मामला माना है। हत्या की वजह, वारदात में शामिल लोगों की संख्या और अपराध के पीछे की साज़िश का पता लगाने के लिए पुलिस टीम तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या के तरीके और समय को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
परिजनों में सदमा गांव में दहशत
धीरज की मौत की खबर ने पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना दिया है। परिजन सदमे में हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

तालाब से बरामद यह बांधा हुआ शव सिर्फ एक हत्या की कहानी नहीं, बल्कि इंसानी क्रूरता की ऐसी मिसाल है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस की जांच जारी है, अब देखना यह है कि इस दर्दनाक सच्चाई के पीछे छिपे चेहरे कब बेनक़ाब होते हैं।

