मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई बनी मिसाल फरार 07 आरोपियों की गिरफ्तारी से टूटा अपराधियों का नेटवर्क…72 घंटे में 12 आरोपी गिरफ़्तार
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के कुशल नेतृत्व में मुंगेली पुलिस ने बरेला अपहरण-हत्या कांड में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। जमीन विवाद से जुड़े इस जघन्य अपराध में फरार चल रहे 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध कितना भी संगठित क्यों न हो, कानून से बच नहीं सकता।
26 दिसंबर 2025 को ग्राम बरेला स्थित पंजाब नेशनल बैंक परिसर से युवक राजकुमार धुरी (21 वर्ष) के अपहरण के बाद उसकी बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी भोजराम पटेल ने तत्काल सख्त निर्देश जारी करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए।
एसपी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना जरहागांव पुलिस ने उच्च स्तरीय रणनीति अपनाई।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के जरिए पहले 05 आरोपियों को 28 दिसंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, वहीं 30 दिसंबर 2025 को शेष 07 फरार आरोपियों को भी दबोच लिया गया।
संगठित साजिश का खुलासा
जांच में सामने आया कि एक वर्ष से चले आ रहे जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर युवक का अपहरण किया, उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर लाठी-डंडों से मारपीट की और गंभीर हालत में घर के सामने फेंक दिया।

जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस की मुस्तैदी, अपराधियों में हड़कंप फरारी के दौरान आरोपियों द्वारा कई जिलों में भागने, वाहन बदलने और साक्ष्य छिपाने की कोशिश को भी पुलिस ने नाकाम कर दिया। हत्या में प्रयुक्त डंडा, वाहन और अन्य साक्ष्य विधिवत जब्त किए गए।
एसपी भोजराम पटेल की कार्यदक्षता की जिले में चर्चा
इस पूरे अभियान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि एसपी भोजराम पटेल की सख्त कार्यशैली, तेज निर्णय क्षमता और ज़मीनी निगरानी के चलते मुंगेली पुलिस अपराधियों के लिए काल बन चुकी है।
कम समय में पूरे गिरोह को बेनकाब करना पुलिसिंग की एक उत्कृष्ट मिसाल मानी जा रही है।

टीमवर्क की सराहना…
इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी जरहागांव उपनिरीक्षक नंदलाल पैकरा, साइबर सेल, विवेचना टीम और मैदानी बल की भूमिका सराहनीय रही, जिनकी कड़ी मेहनत से यह मामला सुलझ पाया।
मुंगेली पुलिस का स्पष्ट संदेश…
अपराध चाहे जितना संगठित हो, कानून का शिकंजा उससे कहीं ज्यादा मजबूत है।

