दो की मौके पर ही दर्दनाक मौत…!
जिंदगी-मौत से जूझ रहे
तीन अन्य घायल दोस्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
नए साल का जश्न मनाने निकले पांच दोस्तों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उनकी तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी के ग्राम भस्को के पास शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

इस दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में एक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अमरकंटक की सैर बन गई आखिरी सफर
मिली जानकारी के अनुसार कार क्रमांक CG 04 QJ 2152 रायपुर से आमागोहन होते हुए मरहीमाता रोड के रास्ते अमरकंटक जा रही थी। जैसे ही वाहन ग्राम भस्को के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण हट गया और कार सीधे सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई।
दो की मौत, तीन जिंदगी-मौत से जूझ रहे
हादसे में पीछे की सीट पर बैठे रामकुमार धीवर (45 वर्ष), निवासी कचना, रायपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजकुमार साहू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में कार चालक नीलेश्वर धीवर (38 वर्ष), निवासी दलदल सिवनी, रायपुर, सुखसागर मानिकपुरी (39 वर्ष), निवासी मजेठा, आरंग और अमित चंद्रवंशी (39 वर्ष), निवासी दलदल सिवनी, मोवा रायपुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

कार में फंसे थे घायल, ग्रामीणों ने बचाई जान
घटना की सूचना मिलते ही बेलगहना चौकी प्रभारी हेमंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। चालक नीलेश्वर के दोनों पैर टूटकर कार में फंस गए थे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति को माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
नया साल, लेकिन पुरानी लापरवाही
यह हादसा नए साल के मौके पर सफर करने वालों के लिए एक कड़ी चेतावनी है कि जरा सी लापरवाही और तेज गति खुशियों को पलभर में मातम में बदल सकती है। जश्न मनाइए, लेकिन सुरक्षा नियमों के साथ, ताकि घर से निकले हर सफर का अंत सुरक्षित घर वापसी हो सके।

