बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
शिवसेना द्वारा बिलासपुर हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर एक बार फिर प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की गई है। शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के निर्देशानुसार प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा की अध्यक्षता में संभाग कार्यालय बिलासपुर में अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक के पश्चात प्रेस को जानकारी देते हुए जिला मीडिया प्रभारी रोमेश शर्मा ने बताया कि आगामी 28 जनवरी को शिवसेना द्वारा दुर्ग से रायपुर तक नुक्कड़ आमसभाओं के साथ एक दिवसीय विशाल रैली एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यह रैली हिंदू राष्ट्र की मांग सहित कई राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर आयोजित की जा रही है।
रोमेश शर्मा ने बताया कि शिवसेना पार्टी की विगत एक वर्ष के भीतर यह तीसरी बड़ी रैली होगी। इससे पहले दंतेवाड़ा से गीदम, चारामा, भानुप्रतापपुर, कांकेर होते हुए रायपुर तक रैली निकाली गई थी। वहीं दिसंबर माह में छत्तीसगढ़ शिवसेना द्वारा दिल्ली के जंतर-मंतर में हिंदू राष्ट्र की मांग, गौ माता को राज्य माता का दर्जा, रोहिंग्या को देश से बाहर करने, सभी धर्मों के लिए एक समान कानून लागू करने एवं पूरे भारत में ENRC लागू करने जैसे मुद्दों को लेकर धरना दिया गया था।
अब इन्हीं सभी मुद्दों को लेकर शिवसेना छत्तीसगढ़ द्वारा दुर्ग से रायपुर तक यह एक दिवसीय रैली आयोजित की जाएगी। बिलासपुर संभाग से प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में शिवसैनिक दुर्ग के लिए रवाना होंगे।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार करते हुए प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष धनंजय सिंह चौहान द्वारा मुकेश राय को मस्तूरी विधानसभा प्रमुख एवं गीता राम आयाम को बेलतरा विधानसभा उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश महासचिव सुनील कुमार झा, प्रदेश उपाध्यक्ष धनंजय सिंह चौहान, वरिष्ठ सलाहकार सतीश पांडे (उद्यान), संभाग उपाध्यक्ष दशरथ साहू, महानगर अध्यक्ष मणि शंकर शर्मा, प्रदेश महासचिव महिला सेना संगीता सोनी, जिला महासचिव जमुना कश्यप, कामगार सेना अध्यक्ष राधे खांडेकर सहित विनय मिश्रा, आशीष यादव, अशोक निषाद, परदेसी साहू, द्वारिका वस्त्रकार, दुर्गेश सिंह ठाकुर, संजय पवार, मुकेश राय, अनिल कौशिक, आदित्य कछवाहा, शिव शंकर साहू, बलदाऊ श्रीवास, विजय साहू, दिलीप लव सिंह बर्मन, रवि कौशिक तथा बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।
शिवसेना नेताओं ने रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आंदोलन हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर निर्णायक साबित होगा।

