कस्तुरबा नगर विवाद में चाकूबाजी की खबरें भ्रामक पुलिस ने बताया सच दोनों पक्षों पर अलग-अलग अपराध हुए
दर्ज…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
13 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 02:30 बजे कस्तुरबा नगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। यह मामला थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत घटित हुआ, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से हिंसक घटनाएं सामने आईं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पक्ष में नाबालिग बालक द्वारा पेचकस से हमला किए जाने तथा उसकी माता रजनी पारचे द्वारा एक महिला से हाथापाई किए जाने की घटना हुई। इस मामले में नाबालिग एवं उसकी माता के विरुद्ध धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। चिकित्सीय परीक्षण में चोटें हार्ड एवं ब्लंट प्रकृति की पाई गई हैं।
वहीं, इसी घटना के क्रम में दूसरे पक्ष से महिला सुरेखा सारथी द्वारा ईंट फेंककर मारने तथा एक नाबालिग बालक द्वारा लोहे की रॉड से मारपीट करने की भी पुष्टि हुई है। इस संबंध में महिला सुरेखा सारथी एवं नाबालिग बालक के विरुद्ध धारा 296, 351(2), 115(2), 3(5) एवं 125 बीएनएस के तहत पृथक अपराध दर्ज किया गया है। इस मामले में भी चिकित्सीय परीक्षण में चोटें हार्ड एवं ब्लंट प्रकृति की पाई गई हैं।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कुछ समाचार माध्यमों में चाकूबाजी की घटना प्रकाशित की जा रही है, जिस पर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच में ऐसी किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने भ्रामक और निराधार खबरों पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना पुष्टि के ऐसी खबरें फैलाना कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए घातक है। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के विरुद्ध विधि अनुसार कार्यवाही की जा रही है तथा नाबालिगों के मामलों में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी सूचना के लिए केवल आधिकारिक पुलिस बयान अथवा पुष्टि किए गए समाचारों पर ही भरोसा करें।
मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।

