महिला सशक्तिकरण और सराफा समाज की भूमिका पर हुआ सार्थक संवाद…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर के समग्र और संतुलित विकास के लिए सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं युवा संगठनों का संगठित होकर सकारात्मक भूमिका निभाना जरूरी है। जब समाज के विभिन्न वर्ग एकजुट होकर शहरहित में आगे बढ़ते हैं, तभी विकास को व्यापक गति मिलती है। यह बात शहर की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व महापौर श्रीमती वाणी राव ने बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ के पंचम दिवस आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम में प्रगति युवा स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष कामता प्रसाद सोनी, मध्यनगरी दुर्गोत्सव समिति के अध्यक्ष विजय वर्मा एवं उनकी टीम तथा वरिष्ठ सराफा सदस्य राजेश सोनी सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती और सामूहिक वंदेमातरम् गान से हुआ। इसके बाद छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने मध्यनगरी दुर्गोत्सव समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष के 50 वर्ष पूर्ण होने पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक संगठन शहर की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संगठित समाज ही शहर के विकास को दे सकता है नई दिशा
अपने संबोधन में पूर्व महापौर वाणी राव ने बिलासपुर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज और व्यापारिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सराफा समाज को संगठित दिशा देने और समाजहित के विषयों पर निरंतर संवाद की पहल के लिए कमल सोनी के नेतृत्व की सराहना की।

उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों को अपने-अपने दायरे से बाहर निकलकर शहर के व्यापक हित में सामूहिक भूमिका निभानी चाहिए। इससे विकास के साथ सामाजिक समरसता और नागरिक सहभागिता को भी मजबूती मिलेगी।

महिला सम्मान से जुड़ी योजनाओं का किया उल्लेख
वाणी राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए स्वच्छ भारत अभियान के तहत घर-घर शौचालय निर्माण को महिलाओं के सम्मान और गरिमा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना, सड़क, रेल और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए विस्तार का प्रभाव आम नागरिकों के साथ व्यापार जगत पर भी पड़ा है।

रामायण-महाभारत काल से भारतीय जीवन का हिस्सा रहा स्वर्ण
सराफा व्यापारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में सोने का महत्व केवल आर्थिक दृष्टि से नहीं है, बल्कि इसका संबंध देश की संस्कृति, परंपरा और आस्था से भी गहराई से जुड़ा हुआ है।

रामायण और महाभारत काल से ही स्वर्ण भारतीय जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। समय के साथ परिस्थितियां बदल सकती हैं, लेकिन भारतीय समाज में स्वर्ण का सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व बना रहेगा।

कार्यक्रम में प्रमोद वर्मा, अजय सराफ, रौनक साव, जितेंद्र सोनी, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार और रवि सलूजा सहित सराफा समाज के वरिष्ठ सदस्य एवं व्यापारी उपस्थित रहे। सदस्यों ने अभियान के उद्देश्यों के साथ-साथ सराफा व्यवसाय, उपभोक्ता हित और समाज की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। अंत में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत पांडेय ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा का सिलसिला
बिलासपुर सराफा एसोसिएशन का ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, सामाजिक संवाद और उपभोक्ता जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

