बिलासपुर प्रेस क्लब के पहुना में विधायक सुशांत शुक्ला ने अरपा प्रदूषण पर निगम की इंजीनियरिंग व्यवस्था पर कसा तंज…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम हमर पहुना में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने राजनीतिक सफर, क्षेत्र के विकास और बिलासपुर से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। पत्रकारों से सीधे संवाद के दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सड़क, पानी, जल निकासी, अवैध बसाहट और अरपा नदी के प्रदूषण जैसे मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। वहीं अपने राजनीतिक संस्कारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पाठशाला के विद्यार्थी” हैं।
जूदेव से सीखा रिश्ते निभाना और विचारों पर अडिग रहना:-
अपने राजनीतिक संस्कारों पर चर्चा करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव से उन्होंने राजनीति के साथ-साथ जीवन के महत्वपूर्ण संस्कार सीखे। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक संबंधों को निभाना और अपने विचारों के प्रति प्रतिबद्ध रहना उनके जीवन की महत्वपूर्ण सीख है। राजनीति केवल पद और चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता से जुड़ाव और रिश्तों को लंबे समय तक निभाना भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।

चौथी पीढ़ी को मिली सेवा की जिम्मेदारी
विधायक ने अपने पारिवारिक संस्कारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हैं, जिसे समाज और क्षेत्र की सेवा का अवसर मिला है। उनके दादा, परदादा और माता-पिता संघ एवं पार्टी से निस्वार्थ भाव से जुड़े रहे और सेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि परिवार ने कभी बदले में कुछ पाने की अपेक्षा नहीं रखी, बल्कि समाज को देने की भावना से काम किया। उन्होंने कहा कि यही सेवा भाव उन्हें विरासत में मिला है।
बेलतरा को बिलासपुर जैसा खूबसूरत और व्यवस्थित बनाने का सपना।
बेलतरा के विकास के विजन को लेकर विधायक ने कहा कि उनका सपना विधानसभा क्षेत्र को बिलासपुर की तरह खूबसूरत, व्यवस्थित और विकसित बनाना है। इसके लिए सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में मजबूत अधोसंरचना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बेलतरा में तेजी से आबादी बढ़ रही है और नई बसाहट के साथ शहरीकरण का विस्तार हो रहा है। ऐसे में सड़क और जल निकासी जैसी सुविधाओं पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। विकास की योजनाएं केवल आज की जरूरतों को देखकर नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जानी चाहिए।
अरपा प्रदूषण पर निगम की इंजीनियरिंग व्यवस्था पर तीखा कटाक्ष:-
अरपा नदी के प्रदूषण के सवाल पर विधायक सुशांत शुक्ला ने नगर निगम की इंजीनियरिंग व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा…
बिलासपुर नगर निगम के इंजीनियरों का नागरिक अभिनंदन होना चाहिए, जिन्होंने बिलासपुर के नालों का पानी अरपा नदी तक पहुंचा दिया।
उनके इस बयान ने अरपा नदी में पहुंच रहे गंदे पानी और शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। विधायक ने कहा कि अरपा को बचाने के लिए केवल नदी की सफाई पर्याप्त नहीं है। सबसे पहले नालों और गंदे पानी की निकासी की ऐसी व्यवस्था करनी होगी, जिससे प्रदूषित पानी नदी में पहुंचे ही नहीं। तभी अरपा को स्थायी रूप से प्रदूषण से मुक्त किया जा सकेगा।
परिसीमन के बाद बढ़ी अवैध बसाहट और मूलभूत सुविधाओं की चुनौती:-
विधायक ने कहा कि नगर निगम परिसीमन के बाद क्षेत्र में जुड़े वार्ड और गांवों में तेजी से बसाहट बढ़ी है। अनियोजित एवं अवैध बसाहट के कारण सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की प्राथमिकता फिलहाल सड़क निर्माण, जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
300 करोड़ से अधिक के विकास कार्य शुरू होने का दावा:-
सुशांत शुक्ला ने बेलतरा विधानसभा में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए दावा किया कि 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रारंभ हो चुके हैं, जबकि लगभग इतनी ही राशि के अन्य कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ विकास की रफ्तार को और तेज करना है।
बहतराई में 70 करोड़ के खेल विकास कार्य
खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विधायक ने विशेष जोर दिया। उन्होंने बहतराई खेल परिसर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। स्विमिंग पूल, बैडमिंटन कोर्ट, हॉर्स राइडिंग सहित अन्य खेल सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिलने की बात उन्होंने कही।
प्रेस क्लब ने किया विधायक का आत्मीय स्वागत।

“हमर पहुना” कार्यक्रम में बतौर अतिथि पहुंचे विधायक सुशांत शुक्ला का बिलासपुर प्रेस क्लब कार्यकारिणी ने शाल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी एवं कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने पत्रकारों को हरेली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिलासपुर प्रेस क्लब सर्वदलीय आवाज का मंच है, जहां सभी राजनीतिक दल एक बैनर के नीचे एक साथ खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि विचारधाराओं में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन जनहित के मुद्दों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संवाद जरूरी है।

उन्होंने प्रेस क्लब की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी है। हमर पहुना जैसे कार्यक्रम इस संवाद को और मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा, राजेश दुआ, निर्मल माणिक, मनोज दुबे, अंजनी तिवारी, शरद पांडेय, विकास चौबे, बंटी परिहार, रुद्राक्ष गोस्वामी, ऋतु साहू, राजकुमार कलवानी, रज्जू कोशले सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

