
बेमेल जोड़ी के प्रेम प्रसंग का मामला जांच में जुटी पुलिस
19-Aug, 2020
रतनपुर-[जनहित न्यूज़]-कबीरधाम 17 वीं बटालियन के आरक्षक पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। बार-बार अदालतों द्वारा भी इस तरह के मामलों में सवाल खड़े किए जाने के बाद भी शादी का झांसा देकर बलात्कार करने के आरोपों की बाढ़ सी आ गई है। इन दिनों जितने बलात्कार के मामले थाने में दर्ज हो रहे हैं उनमें से सर्वाधिक संख्या ऐसे ही मामलों के है। एक बार फिर से रतनपुर थाने में ऐसा ही मामला दर्ज किया गया, जहां बेमेल जोड़ी के प्रेम संबंध के बाद महिला ने अपने कथित प्रेमी पर बलात्कार का आरोप दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि ग्राम सेमरा चपोरा निवासी आरक्षक 24 वर्षीय भूपेंद्र साहू की पहचान मोबाइल के माध्यम से कर्रा नवापारा में रहने वाली एक 37 वर्षीय महिला के साथ हुआ था। दोनों के बीच रोज बातचीत हुआ करती थी। यह बातें साल 2017 की है। बात करते-करते दोनों में करीबी रिश्ता बन गया और फिर साल 2017 से लेकर मई 2020 तक दोनों के बीच कई बार सहमति से शारीरिक संबंध भी बने ।अब महिला का आरोप है कि उसका 24 वर्षीय प्रेमी उससे शादी नहीं करना चाह रहा। इस बेमेल जोड़ी में महिला अपने प्रेमी से 13 साल बड़ी है।

शायद यह भी एक वजह हो लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पीड़ित महिला का दावा है कि घर बनवाने और अन्य खर्च के नाम पर उसका प्रेमी भूपेंद्र साहू उससे 10 से 12 लाख रुपए भी समय-समय पर ऐंठ चुका है और अब अपने वादे से मुकर कर वह शादी से इंकार कर रहा है। रतनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी भूपेंद्र साहू को गिरफ्तार भी कर लिया है। हैरानी इस बात की है की महिला स्वयं अपने प्रेमी से उम्र में काफी बड़ी है। जिस वक्त दोनों में जान पहचान हुई थी उस वक्त आरोपी कच्ची उम्र का था। महिला उसे समझाने की बजाय स्वयं इस दलदल में उतरती चली गई और अब झांसा देने का आरोप लगाया जा रहा है। सवाल यह उठता है कि आखिर एक छोटी उम्र का युवक कैसे समझदार महिला को झांसा दे सकता है। दरअसल इस तरह के मामलों में अक्सर आपसी सहमति से शारीरिक संबंध बनते हैं लेकिन जब मनमुटाव होता है और रिश्तो में दरार पड़ती है तो फिर कानून का सहारा लेकर इस तरह के आरोप लगा दिए जाते हैं। अदालते भी इसे समझती है लेकिन कानून के पहिए पर चलने वाली अदालतें भी ऐसे आरोपों के आगे बेबस है। यही कारण है कि पुलिस ने 17 वी बटालियन में पदस्थ आरक्षक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है ,जिस पर अपनी ही कथित प्रेमिका के बलात्कार का आरोप है।

