
रेडक्रॉस भवन में हुई उच्च स्तरीय बैठक जल्द ही नई गाइड लाइन होगी जारी!
19-Aug, 2020
रायपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ में अब आगे लॉकडाउन नहीं बढ़ाया जाएगा. इसके साथ ही बाजारों में दुकानों को भी फुल टाइम खोले जाने पर विचार चल रहा है, यह फैसला कलेक्ट्रेट के रेडक्रॉस भवन में हुई उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया है।

कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा है कि कोरोना संक्रमण रोकने को लेकर जनप्रतिनिधियों और अफसरों के सुझाव आएं हैं। उन पर विचार विमर्श कर लॉकडाउन के विषय में नई गाइडलाइन तैयार कर जल्द ही जारी कर दिया जाएगा।
बता दें, कि कोरोना को लेकर आज रायपुर में उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें कोरोना के बढ़ते आंकड़ों को लेकर चर्चा की गई। लॉकडाउन के बाद अभी प्रदेश में कुछ प्रतिबंधों के साथ बाजार खोला जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री रविंद्र चौबे ने मीडिया से बातचीत में कहा, कि राजधानी मे जिस तरह से संक्रमण बढ़ा है, वो राज्य सरकार के लिए चिंता की बात है, लिहाजा कांटेक्ट ट्रेसिंग के उपाय खोजे रहे हैं, वहीं मरीजों की बढ़ी संख्या के मद्देनजर अस्पतालों में बेड को भी बढ़ाया जा रहा है, जरूरत पड़ी तो अस्पतालों व धर्मशालाओं को भी विकल्प के तौर पर रखा जायेगा।
मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा, कि कोरोना को लेकर जनप्रतिनिधि व अफसरों के सुझाव आये हैं, जिनका आंकलन कर राज्य सरकार जल्द ही नया गाइडलाइन जारी करेगी।

