औचक निरीक्षण में दी कड़ी चेतावनी… !
उपार्जन केंद्रों की सख्त मॉनिटरिंग का दिया आदेश…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
जिले में धान खरीदी अभियान की सुचारु प्रगति सुनिश्चित करने कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंथन सभाकक्ष में विस्तृत बैठक लेकर पूरे अभियान की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी उपार्जन केंद्रों में खरीदी तत्काल शुरू करने के कड़े निर्देश दिए और किसानों से टोकन कटवाकर निर्धारित समय पर धान बेचने पहुंचने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी अभियान का केंद्र बिंदु हमारे मेहनतकश किसान हैं, उनके हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।
उपार्जन केंद्रों की सख्त मॉनिटरिंग का आदेश
बैठक के दौरान जिला सहकारी बैंक के सुपरवाइजरों और सहकारिता विस्तार अधिकारियों को लगभग 8–10 उपार्जन केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई। कलेक्टर ने उन्हें निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र के सभी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत प्रभाव से उसे रोकते हुए व्यक्तिगत रूप से सूचना दें।
उन्होंने कहा कि खरीदे गए धान की प्रतिदिन स्टैकिंग हो, केंद्रों में डनेज, नाली व्यवस्था, कैप कव्हर और बारदान की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। समितियों को इन सभी व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध करा दी गई है।
बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, उप आयुक्त सहकारिता सीएस जायसवाल, सीईओ सहकारी बैंक प्रभात मिश्रा, डीएमओ अमित चंद्राकर एवं नोडल अधिकारी आशीष दुबे उपस्थित रहे।
कलेक्टर का औचक निरीक्षण
केंद्र स्तर पर दी कड़ी चेतावनी
समीक्षा बैठक के तुरंत बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले के उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, बारदान व्यवस्था और स्टैकिंग की वास्तविक स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साफ कहा…
धान खरीदी में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों की उपज सुरक्षित रहे और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फड़ में रखे धान को नुकसान होने की कोई स्थिति न बने और सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर के सख्त रुख के बाद जिले में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक हलकों में तेजी आ गई है और सभी उपार्जन केंद्रों को अधिक सतर्कता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

