साइबर फ्रॉड यातायात अनुशासन और नशा मुक्ति पर जनप्रतिनिधियों के साथ किया मंथन…
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली जिले में आमजन को जागरूक कर सुरक्षित समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भोज राम पटेल के मार्गदर्शन में निरंतर चलाए जा रहे “पहल जागरूकता अभियान” के तहत आज नगर पालिका परिषद मुंगेली में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का नेतृत्व पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) मयंक तिवारी ने किया।
नगर पालिका कार्यालय में आयोजित इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी पार्षदों की सक्रिय उपस्थिति रही। बैठक में शहर में बढ़ते साइबर अपराध, यातायात नियमों के पालन तथा नशा व ड्रग्स से मुक्ति जैसे गंभीर और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसडीओपी मयंक तिवारी ने साइबर फ्रॉड को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करना और ऑनलाइन लालच आम नागरिकों को भारी नुकसान में डाल सकता है। उन्होंने पार्षदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी देकर सजग बनाएं।

यातायात नियमों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव तथा नशे की हालत में वाहन न चलाना सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभाता है। नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और समाज की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
नशा और ड्रग्स के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए एसडीओपी तिवारी ने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। युवाओं को इससे दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। पार्षदों को निर्देश दिए गए कि वे अपने वार्डों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

बैठक में पुलिस अधिकारी शत्रुहन खूंटे, साइबर सेल से बबीता श्रीवास, श्रीमती शैलजा स्वामी, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा सहित पार्षद मोहन मलाह, अरविंद वैष्णव, असलम खान, विनय चोपड़ा, मकबूल खान, संजय चंदेल, कुलदीप पाटले, रोशन सोनी, निमेष देवांगन, विजय बंजारे, रामकिशोर देवांगन, दिलीप सोनी, सत्येंद्र सिंह परिहार, जितेंद्र दावड़ा, प्रतिनिधि रवि कोसले, श्रवण सोनकर, अवधेश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में यह संकल्प लिया गया कि नगर पालिका के सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में पहल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचाव, यातायात नियमों के पालन और नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करेंगे। पुलिस प्रशासन और नगर पालिका के समन्वय से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का दृढ़ निश्चय किया गया।

