साहस और संवाद की मिसाल…! गुजरात अध्ययन भ्रमण से लौटी महिला पत्रकारों से मिले मुख्यमंत्री साय…अनुभवों को पुस्तक रूप देने का दिया सुझाव…!
रायपुर-{जनहित न्यूज़}
रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गुजरात के अध्ययन भ्रमण से लौटे महिला पत्रकारों के दल ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला पत्रकार अपने साहस, समर्पण और संवेदनशील दृष्टि से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को और अधिक सशक्त बना रही हैं। उन्होंने पत्रकारिता जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में सक्रिय सभी महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
महिला पत्रकारों के दल ने मुख्यमंत्री को गुजराती अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर पहली बार छत्तीसगढ़ से महिला पत्रकारों के दल को अन्य राज्य के अध्ययन भ्रमण पर भेजे जाने के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष महिला दिवस पर मुख्यमंत्री के समक्ष यह प्रस्ताव रखा गया था, जिसे अमल में लाए जाने से वे अत्यंत प्रसन्न हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने चर्चा के दौरान कहा कि गुजरात विधानसभा, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, राजकोट, पोरबंदर सहित विभिन्न ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों के भ्रमण से प्राप्त अनुभव उनकी लेखनी को और समृद्ध करेंगे, जिसका लाभ पाठकों के साथ-साथ पत्रकारिता जगत को भी मिलेगा। उन्होंने इस यात्रा के अनुभवों को पुस्तक के रूप में संजोने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि भविष्य में अन्य लोग भी गुजरात के बारे में जान सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का यह तीसरा वर्ष है और इसे “महतारी गौरव वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने गुजरात की सहकारिता व्यवस्था, विशेषकर अमूल मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में भी सहकारिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने राज्य में प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण, ई-फाइल प्रणाली और गुजरात के सीएम डैशबोर्ड जैसे उन्नत मॉनिटरिंग सिस्टम से प्रेरणा लेने की बात कही।

महिला पत्रकारों ने भी अपने अनुभव साझा किए। सुश्री निशा द्विवेदी ने गुजरात की समृद्ध संस्कृति से परिचित होने को यादगार बताया, वहीं सुश्री दामिनी बंजारे ने इसे अपने आठ वर्षों के करियर का अनूठा अवसर कहा। सुश्री नूरजहां ने भविष्य में भी ऐसे भ्रमण जारी रहने की आशा जताई। महासमुंद की सुश्री उत्तरा विदानी ने गुजरात विधानसभा की पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना की, जबकि दुर्ग की सुश्री कोमल धनेसर ने इसे छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में ऐतिहासिक पहल बताया।
रायपुर की सुश्री नेहा श्रीवास्तव और सुश्री रचना नितेश ने इस यात्रा को आपसी संवाद और सीख से भरा बताया, वहीं बस्तर की सुश्री प्रियंका जायसवाल और कोरबा की सुश्री राजश्री गुप्ते ने इसे जीवनभर याद रहने वाला अनुभव कहा। कई पत्रकारों की पहली हवाई यात्रा का उल्लेख होने पर मुख्यमंत्री की हल्की-फुल्की टिप्पणी से सभागार ठहाकों से गूंज उठा।

महिला पत्रकारों ने गुजरात यात्रा के दौरान विदेशी पर्यटकों से हुई रोचक बातचीत भी साझा की, जिसमें छत्तीसगढ़ को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम से पहचाने जाने पर उन्हें गर्व महसूस हुआ। उन्होंने अध्ययन भ्रमण के दौरान समुचित व्यवस्था के लिए जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल, अपर संचालक संजीव तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी और महिला पत्रकार उपस्थित रहे। बिलासपुर से उषा सोनी ने इसे राज्य सरकार की सकारात्मक और दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि यह यात्रा न केवल धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक संवाद को भी मजबूत करने वाली रही।


