अंधे कत्ल की महज 24 घंटे में गुत्थी सुलझी…मुंगेली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
मुंगेली-{जनहित न्यूज़}
मुंगेली/ पथरिया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन में मुंगेली पुलिस ने थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम गंगद्वारी में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी ही इस जघन्य वारदात की आरोपी है, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गंगद्वारी निवासी रूजेश्वरी राजपूत ने 24 जनवरी 2026 को थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके पति आजूराम राजपूत की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 18/26, धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी, फॉरेंसिक और स्थानीय पूछताछ के आधार पर गहन विवेचना शुरू की। घटनास्थल से खून लगी मिट्टी एवं सामान्य मिट्टी जब्त कर फॉरेंसिक परीक्षण कराया गया तथा शव का पंचनामा तैयार किया गया।
पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक द्वारा दूसरी शादी करने के बाद पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होते रहते थे। इसी आधार पर पुलिस का शक मृतक की पत्नी पर गया। हिरासत में लेकर महिला अधिकारी द्वारा पूछताछ करने पर रूजेश्वरी राजपूत ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि पति से विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने देर रात सोते समय घर में रखी लोहे की टंगिया से हमला कर दिया और बाद में पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए चोरी की झूठी कहानी गढ़ी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया और खून लगी साड़ी गवाहों के समक्ष जब्त की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 24 जनवरी 2026 की रात 8:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर 25 जनवरी को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (सायबर सेल प्रभारी), उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव (थाना प्रभारी पथरिया), प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, अरुण नेताम, आरक्षक राकेश बंजारे, राहुल यादव, गिरीराज परिहार, रवि मिंज, भेषज पाण्डेकर, हेमसिंह ठाकुर, राम कश्यप, परमेश्वर जांगड़े, हलिश गेंदले एवं मिथलेश सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही उप निरीक्षक शोभा यादव (थाना अजाक) के सहयोग को भी विशेष रूप से सराहा गया है।
मुंगेली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को जिले में कानून-व्यवस्था के प्रति सख्त और संवेदनशील रवैये का उदाहरण माना जा रहा है, जिसने एक जटिल अंधे कत्ल की गुत्थी बेहद कम समय में सुलझाकर अपराधियों के लिए कड़ा संदेश दिया है।


