मस्तूरी के बेलटुकरी स्कूल का मामला जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक को थमाया नोटिस तीन दिन में मांगा तथ्यात्मक जवाब…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में एक बीमार छात्रा से कुर्सी साफ करवाए जाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि छात्रा पहले से बुखार से पीड़ित थी और स्कूल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान उसे उल्टी हो गई। आरोप है कि छात्रा को तत्काल चिकित्सकीय सहायता या जरूरी देखभाल उपलब्ध कराने के बजाय उसी से गंदी हुई कुर्सी साफ करवाई गई।
घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंचा। वीडियो में सामने आए घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शिक्षा विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी की प्रधान पाठक श्रीमती भारती खांडे को नोटिस जारी किया है। नोटिस में पूरे घटनाक्रम को लेकर तीन दिवस के भीतर स्पष्ट एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
बीमार बच्चे के प्रति संवेदनशीलता पर उठे सवाल:-
मामले ने सरकारी स्कूलों में बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीमारी की स्थिति में छात्रा को उपचार अथवा प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने के बजाय उससे सफाई करवाए जाने का आरोप सामने आने से अभिभावकों में भी नाराजगी है। अब सबकी निगाहें विभागीय जांच और प्रधान पाठक के जवाब पर टिकी हैं।


